UP Corruption: घोटालों में खूब सुर्खियां बटोर रहे अधिकांश जिलों के बीएसए
सियासी हनक के आगे डीएम भी फेल, किसके इशारों पर गड़बड़ छवि के बेसिक शिक्षा अफसरों को मिल रही तैनाती
Sandesh Wahak Digital Desk: बेसिक शिक्षा विभाग अनामिका शुक्ला प्रकरण से सुर्खियां बटोरता है तो कभी लगातार सामने आ रहे घोटालों से। ताजा मामला गोंडा बीएसए अतुल कुमार तिवारी की करोड़ों की घूसखोरी का है।
प्रदेश के कई जिलों में बीएसए पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों की फेहरिस्त लम्बी होती जा रही है। हालांकि जिलों में अक्सर डीएम भी इनकी सियासी हनक का आइना देख चुप्पी साध चुके हैं। तभी कई मामलों में कार्रवाई एक इंच आगे नहीं बढ़ती। सरकार ने पारदर्शिता के लिहाज से डीजी स्कूल शिक्षा का पद सृजित किया। बीएसए की कार्यप्रणाली आज भी पुराने ढर्रे पर है।

अवैध वसूली व नियुक्तियों से हो रही भारी कमाई
सोशल मीडिया पर सीएम योगी को भेजा ऐसा पत्र भी वायरल हुआ। जिसमें विभागीय मंत्री संदीप सिंह पर बीएसए की नियुक्तियों में भारी वसूली के आरोप लगाए गए। बेसिक शिक्षा के बड़े अफसरों ने एक तत्कालीन बीएसए के खिलाफ ईओडब्ल्यू जांच तक शासन के आदेश के बावजूद नहीं होने दी थी। प्रदेश में बीएसए की नियुक्तियां लम्बे समय से विवादों में हैं। ऐसा लगता है कि सियासी संरक्षण बेसिक शिक्षा विभाग में गड़बड़ छवि के अफसरों को जिलों का मुखिया बना रहा है। तभी गोंडा, देवरिया, सुल्तानपुर, हापुड़, मेरठ, हरदोई, आगरा, वाराणसी, अलीगढ, ललितपुर, कानपुर जैसे तमाम जिलों में बीएसए की कुर्सी पर बैठे अफसरों के ऊपर नियुक्तियों से लेकर तैनातियों और टेंडर से जुड़े कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोप लगे।

अधिकांश मामलों में बीएसए कुर्सी बचाने में कामयाब हो गए। इसी वर्ष अलीगढ में 18 करोड़ के जीपीएफ गबन मामले में 11 बीएसए, 34 खंड शिक्षा अधिकारी और 10 लेखाकार के ऊपर केस दर्ज हुआ। प्राथमिक शिक्षा में भ्रष्टाचार से पीएम मोदी की काशी भी अछूती नहीं रही। जहां विजिलेंस ने नियुक्ति घोटाले में बीएसए व चार बीईओ समेत 18 पर केस दर्ज किया।
आगरा बीएसए दफ्तर में तो मानो हर काम के रेट तय हैं। ऐसा शिक्षकों का आरोप है। हरदोई-हापुड़ के बीएसए के ऊपर भी हाल में भ्रष्टाचार के आरोप लगे। सीतापुर बीएसए दफ्तर में हुई मारपीट जैसे प्रकरण भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई नहीं होने से ही नजर आते हैं।
करोड़ों की घूसखोरी: शासन ने गोंडा बीएसए को किया निलंबित
फर्नीचर आपूर्ति में सवा दो करोड़ की घूस और 30 लाख एडवांस मांगने के प्रकरण से घिरे गोंडा बीएसए अतुल कुमार तिवारी को शासन ने मंगलवार को निलंबित कर दिया है। संयुक्त सचिव वेद प्रकाश राय की ओर से जारी आदेश में उन्हें मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ मंडल से संबद्ध करते हुए विभागीय जांच बिठाई गयी है। तीन माह में बीएसए पर दो मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। कमिश्नर देवीपाटन मंडल व डीएम गोंडा की सिफारिश में टेंडरदाताओं से दस लाख की वसूली, तकनीकी अहर्ताएं बदलना, सामग्री खरीद, जेम शासनादेश की धज्जियां, गलत $फाइल समेत कई आरोप सही पाए गए हैं।


