Lucknow News: कफ सिरप कांड के आरोपी सिपाही की पेशी पर हंगामा, कोर्ट में बच्चों के हत्यारों को फाँसी दो के लगे नारे
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के बहुचर्चित कफ सिरप कांड के आरोपी बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह और उसके साथी अमित टाटा को मंगलवार को लखनऊ की अदालत में पेश किया गया। इस दौरान कचहरी परिसर में जबरदस्त तनाव और हंगामा देखने को मिला, जिसके चलते भारी संख्या में पुलिस बल और पीएसी (PAC) को तैनात करना पड़ा।
वकीलों के दो गुट आमने-सामने
आरोपियों की पेशी के दौरान कचहरी परिसर में वकीलों के दो गुट आमने-सामने आ गए। एक पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ बच्चों के हत्यारों को फाँसी दो जैसे कड़े नारे लगाए, जबकि दूसरा पक्ष उनके बचाव में खड़ा हो गया। नारेबाजी और तीखी बहस के कारण माहौल कुछ देर के लिए बेहद गर्म हो गया।
हालात की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस ने संभावित हमले को टालने के लिए दोनों आरोपियों को तुरंत लॉकअप से बाहर नहीं निकाला। बाद में, कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ रिमांड पर बहस हुई, हालांकि अभी तक कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और अदालत परिसर की हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
कोडीन युक्त सिरप की जाँच के लिए बनेगी SIT
इस बीच, इस सनसनीखेज मामले की जाँच को और मजबूत करने के लिए एक बड़ा फैसला लिया गया है। उत्तर प्रदेश के डीजीपी ने घोषणा की है कि कोडीन युक्त सिरप की तस्करी और फर्जी दस्तावेजों से बनी मेडिकल फर्मों के वित्तीय लेन-देन की जाँच अब एक प्रदेश स्तरीय एसआईटी (SIT) भी करेगी। इस विशेष जांच दल का प्रभारी आईजी (IG) स्तर का अधिकारी होगा।
Also Read: ‘देश की सभी संस्थाओं पर कब्जा चाहता है RSS’, लोकसभा में बोले राहुल गांधी

