सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में यूपी दिवस की धूम: लोकगीत, नृत्य और रंगोली के जरिए दिखी प्रदेश की संस्कृति

सिद्धार्थनगर: सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय के बुद्ध प्रेक्षागृह में आयोजित इस कार्यक्रम में ‘विकास और विरासत’ की झलक देखने को मिली।

सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के परिसर में शनिवार को उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कुलपति प्रो० कविता शाह के मार्गदर्शन और कुलसचिव डॉ० अश्वनी कुमार की प्रेरणा से आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो० नीता यादव ने की।

छात्रों ने बिखेरे संस्कृति के रंग

विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा से उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम में कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोकगीत, लोकनृत्य और शिक्षाप्रद नाटकों का मंचन किया गया। परिसर में मनमोहक रंगोली बनाई गई और ‘व्यंजन प्रतियोगिता’ के जरिए यूपी के पारंपरिक जायके पेश किए गए। पूर्व माध्यमिक विद्यालय बर्डपुर और संविलयन माध्यमिक विद्यालय काशीपुर के नन्हे छात्रों ने शानदार समूह नृत्य और भाषण देकर सबका दिल जीत लिया।

‘यूपी का विकास और विरासत’

कार्यक्रम के दौरान ‘उत्तर प्रदेश का विकास और विरासत’ विषय पर एक गंभीर भाषण प्रतियोगिता भी हुई। विभाग के सहायक आचार्य डॉ० विवेक कुमार वर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुई इस प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे।

प्रथम स्थान: सुहासिनी श्रीवास्तव (M.Sc.)

द्वितीय स्थान: आरती सनी (M.Sc.)

तृतीय स्थान: अतुल उपाध्याय (M.A.)

सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि और वरिष्ठ प्राध्यापकों द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

प्रमुख शिक्षाविदों की उपस्थिति

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कई गणमान्य शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे, जिनमें प्रो० हरीश कुमार शर्मा, प्रो० सत्येन्द्र कुमार दुबे, प्रो० प्रकृति राय, डॉ. सुनीता त्रिपाठी, डॉ. विशाल गुप्ता और डॉ० यशवंत यादव (जिन्होंने मंच संचालन किया) प्रमुख थे। अंत में प्रो० नीता यादव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: लखनऊ में लगा फूलों का मेला, NBRI में गुलाब और ग्लैडियोलस प्रदर्शनी का आगाज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.