Bareilly News: केशव प्रसाद मौर्य की कार से टकराई गाय, बाल-बाल बचे डिप्टी सीएम

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को बरेली और बदायूं के दौरे पर थे। दिन भर के व्यस्त कार्यक्रमों के बाद जब वे बरेली एयरपोर्ट के लिए लौट रहे थे, तब पीलीभीत बाईपास पर बजरंग ढाबे के पास यह हादसा हुआ।

हादसा उस वक्त हुआ जब उपमुख्यमंत्री का काफिला तेज रफ्तार से एयरपोर्ट की ओर जा रहा था। अचानक सड़क पर एक गाय के आ जाने से डिप्टी सीएम की कार उससे टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पिचक गया। गनीमत रही कि केशव प्रसाद मौर्य को कोई चोट नहीं आई। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत स्थिति को संभाला और उन्हें दूसरी सुरक्षित गाड़ी में शिफ्ट कर एयरपोर्ट के लिए रवाना किया।

नगर आयुक्त को भेजा जाएगा पत्र

इस घटना ने वीआईपी सुरक्षा और शहर की सड़कों पर आवारा पशुओं की समस्या को फिर से उजागर कर दिया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कहा कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नगर आयुक्त को कड़ा पत्र भेजने के निर्देश दिए हैं।

हादसे से पहले बरेली के सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता के दौरान केशव प्रसाद मौर्य अपने पुराने तेवर में नजर आए। उन्होंने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। केशव मौर्य ने कहा कि जब से अखिलेश यादव बिहार चुनाव हारकर लौटे हैं, उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। उन्हें अपना अच्छा इलाज कराना चाहिए।

Also Read: कौन हैं आदित्य अशोक, जो भारत के खिलाफ पहले वनडे में बिखेरेंगे जलवा, दिलचस्प है कहानी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.