केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरे सभी यात्री
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बच गए। शनिवार सुबह जब वे लखनऊ से कौशाम्बी के लिए रवाना हुए, तभी उनके हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। पायलट ने स्थिति को भांपते हुए फौरन लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई। राहत की बात यह है कि इस घटना में डिप्टी सीएम और उनके साथ सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।
उपमुख्यमंत्री के कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर ने ला मार्टिनियर कॉलेज (La Marts) मैदान से कौशाम्बी के लिए उड़ान भरी ही थी कि अचानक उसके अंदर धुआं भरने लगा। केबिन में धुआं देख अफरा-तफरी का माहौल बन गया। खतरे को देखते हुए पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और अमौसी एयरपोर्ट पर विमान को सुरक्षित उतारा।
केशव प्रसाद मौर्य को आज सुबह 11:30 बजे कौशाम्बी पहुंचना था। वहां उनके कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम तय थे। शीतला देवी अतिथि गृह के पास आयोजित सरस महोत्सव का उन्हें उद्घाटन करना था। उन्हें स्थानीय बीजेपी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करनी थी। इसके अलावा, विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी निर्धारित थी।
Also Read: राम रहीम को पत्रकार हत्याकांड में हाई कोर्ट ने किया बरी, निचली अदालत की उम्रकैद की सजा हुई रद्द

