UP: 14 करोड़ की ठगी करने वाली ‘पियर्स कंपनी’ की डायरेक्टर गिरफ्तार, जानिए क्या है पूरा मामला?
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) को जालसाजों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। निवेश के नाम पर प्रदेश भर के लोगों से करोड़ों रुपये डकारने वाली कंपनी ‘पियर्स एलायड कारपोरेशन लिमिटेड’ की एडिशनल डायरेक्टर मंजू दुबे उर्फ मंजू उपाध्याय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
रकम दोगुनी करने का लालच देकर की ठगी
पियर्स एलायड कारपोरेशन लिमिटेड ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अपनी शाखाएं खोल रखी थीं। कंपनी के एजेंट लोगों को झांसा देते थे कि अगर वे अपनी मेहनत की कमाई यहां निवेश करेंगे, तो उनकी रकम बहुत कम समय में दो से तीन गुना हो जाएगी। इस लुभावने वादे के जाल में फंसकर हजारों लोगों ने करीब 14 करोड़ रुपये कंपनी में जमा कर दिए।
दफ्तर बंद कर फरार हो गए थे अधिकारी
जब निवेश की अवधि पूरी हुई और लोगों ने अपनी रकम वापस मांगी, तो कंपनी के अधिकारियों ने टालमटोल शुरू कर दी। आखिरकार, निवेशकों का दबाव बढ़ता देख अधिकारी और कर्मचारी दफ्तरों में ताला लगाकर रातों-रात फरार हो गए। इस धोखाधड़ी के खिलाफ लखनऊ के आलमबाग थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी, जिसकी गंभीरता को देखते हुए जांच ईओडब्ल्यू (EOW) को सौंपी गई।
13 आरोपी दोषी, मुख्य कड़ी ईओडब्ल्यू की गिरफ्त में
ईओडब्ल्यू की जांच में सामने आया कि मूल रूप से देवरिया की रहने वाली और फिलहाल कानपुर में रह रही मंजू दुबे कंपनी के बड़े फैसलों में शामिल थी। गबन में उसकी सक्रिय भूमिका के ठोस सबूत मिलने के बाद ईओडब्ल्यू की टीम ने बृहस्पतिवार को घेराबंदी कर उसे लखनऊ से ही गिरफ्तार कर लिया। ईओडब्ल्यू ने अपनी विवेचना में कुल 13 लोगों को दोषी पाया है। मंजू दुबे की गिरफ्तारी के बाद अब अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
Also Read: KGMU में बड़ी कार्रवाई: यौन शोषण और धर्मांतरण विवाद में नपे कुलपति के OSD, जांच कमेटी गठित

