अमित शाह और सीएम योगी ने ओडीओसी को दी हरी झंडी, 5 हस्तियों को मिला उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान
Lucknow News: उत्तर प्रदेश अब सिर्फ अपनी संस्कृति और उद्योगों के लिए ही नहीं, बल्कि अपने लजीज स्वादों के लिए भी दुनिया भर में जाना जाएगा। शनिवार को उत्तर प्रदेश दिवस के मुख्य समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक जनपद-एक व्यंजन (One District One Cuisine) योजना का भव्य शुभारंभ किया। इस पहल का मकसद हर जिले के खास पकवान को एक ब्रांड के रूप में स्थापित करना है।
इन 5 सितारों को मिला उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान
समारोह के दौरान यूपी का नाम रोशन करने वाली पांच दिग्गज हस्तियों को ‘उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान’ से नवाजा गया। इन्हें 11 लाख रुपये की सम्मान राशि, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र दिए गए।
विंग कमांडर शुभांशु शुक्ल: अंतरिक्ष यात्रा के क्षेत्र में अदम्य साहस के लिए।
अलख पांडेय (Physics Wallah): शिक्षा और उद्यमिता में क्रांति लाने के लिए।
डॉ. हरिओम पंवार: वीर रस की कविता और साहित्य साधना के लिए।
रश्मि आर्य: शिक्षा एवं नवाचार (Innovation) के लिए।
डॉ. सुधांशु सिंह: कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (CM युवा) के तहत युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने में शानदार प्रदर्शन करने वाले जौनपुर, आजमगढ़, हरदोई, अंबेडकरनगर और झांसी के जिलाधिकारियों (DMs) को भी मंच पर सम्मानित किया गया।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल के मंच पर जब ब्रज की होली, बुंदेलखंडी लोकनृत्य, अवधी और भोजपुरी गीतों का संगम हुआ, तो ऐसा लगा मानो पूरा उत्तर प्रदेश एक ही जगह सिमट आया हो। उत्तर प्रदेश-उत्तम प्रदेश थीम सांग के बीच कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया।

रोजगार के लिए नई योजना की शुरुआत
युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए गृह मंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन योजना का भी श्रीगणेश किया। इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर उद्योगों को बढ़ावा देना है ताकि युवाओं को रोजगार के लिए भटकना न पड़े। इससे पहले, गृह मंत्री ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की और शिल्प व व्यंजन मेले का उद्घाटन किया।
Also Read: ‘मेरे खिलाफ हो रही साजिश का जल्द करूंगी पर्दाफाश’, अपर्णा यादव की खुली चेतावनी

