Holi के रंग में सराबोर हुआ UP, CM Yogi ने गोरखनाथ मंदिर में खेली होली

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में मथुरा, वाराणसी, अयोध्या सहित हर शहर Holi के रंग में रंग गए है। हर तरफ उल्लास और उत्साह का माहौल है। लोग रंगों और उमंग में डूबे नजर आ रहे हैं। जगह जगह हो रहे आयोजनों में अबीर गुलाल उड़ रहा है और ढोल नगाड़ों की थाप पर लोग झूम रहे हैं। फागुन की मस्ती ने पूरे उत्तर प्रदेश को उत्सवमय बना दिया है।

रंगभरी एकादशी के बाद दूना हुआ उल्लास

उधर काशी फागुन की मस्ती में सराबोर होकर अपने अनोखे अंदाज में Holi मना रही है। रंगभरी एकादशी से शुरू हुआ रंगोत्सव आज और भी उल्लासपूर्ण हो गया है। घरों से लेकर मंदिरों तक अबीर गुलाल की रंगत छाई हुई है। बुधवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में रंग, रस और राग का विशेष उल्लास देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु बाबा के साथ होली खेल रहे हैं और भजन तथा होली गीत गा रहे हैं।

सुबह से ही लोग मैदागिन से ढोल मजीरा बजाते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और टेसू यानी पलाश के फूलों से बने रंगों से होली खेली गई। काशी में होली बरात निकालने की परंपरा भी निभाई जा रही है। घोड़े पर अड़भंगी स्वरूपों में बाबा के दर्शन होंगे। युवाओं की टोलियां बरात के साथ भांग और ठंडई छानते हुए अबीर गुलाल से सराबोर नजर आएंगी।

शाहजहांपुर में लाट साहब की परंपरागत सवारी

वहीं शाहजहांपुर में रंगों की फुहार और उल्लास के बीच छोटे और बड़े लाट साहब का जुलूस निकला। Holi के लिए लाट साहब की खातिरदारी पूरे दिन जारी रही। सुबह नौ बजे बड़े लाट साहब का जुलूस प्रारंभ हुआ और उन्हें पैदल कूंचालाला से लाया गया। चौकसीनाथ मंदिर में माथा टेकने के बाद सराफा बाजार में भैंसागाड़ी पर सवार कराया गया।

दरअसल गत वर्षों की तरह इस बार भी भैंसागाड़ी अर्द्धसैनिक बल के घेरे में रही। परंपरा के अनुसार लाट साहब का स्वागत जूते चप्पल और झाड़ू से किया गया। रंग गुलाल की फुहारों के बीच सवारी चौक कोतवाली पहुंची, जहां परंपरागत तरीके से सलामी और नजराना दिया गया।

CM Yogi ने गोरखनाथ मंदिर में खेली Holi

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में लोगों के साथ Holi मनाई। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पूर्वजों ने वर्षों पुरानी इस विरासत को संजोकर हमें सौंपा है और वर्तमान पीढ़ी उसी ऊर्जा के साथ इसे आगे बढ़ा रही है। पूरा राज्य इस पवित्र त्योहार से जुड़ा हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कहीं कोई मतभेद हैं तो उन्हें सुलझाने और एक सामंजस्यपूर्ण समाज की ओर कदम बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और पूरा देश आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत बनने की दिशा में अग्रसर है।

 

Also Read: Shahjahanpur News: होली पर खौफनाक वारदात, मुखौटा पहनकर आए पति ने पत्नी का काटा गला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.