यूपी चुनाव: सपा में खत्म होगी ‘सिफारिश’ की राजनीति? अखिलेश ने ‘सर्वे’ को बनाया टिकट का आधार
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक में उन्होंने साफ कर दिया कि इस बार उम्मीदवारों का चयन केवल सर्वे के आधार पर किया जाएगा।
सर्वे के आधार पर ही मिलेगी टिकट
अखिलेश यादव ने बुलंदशहर और हापुड़ से आए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उन्हें जनता के बीच रहकर काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, “बिना सर्वे कराए सपा के प्रत्याशी घोषित नहीं किए जाएंगे। सिर्फ जीतने वाले प्रत्याशियों को ही चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा।”
बीजेपी पर ‘वोट चोरी’ का आरोप
सपा प्रमुख ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में “वोट चोरी” की कोशिश कर सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भाजपा के षडयंत्रों पर नजर रखने की ताकीद दी और कहा कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए उन्हें ‘वोट बनवाना, वोट बचाना, वोट डलवाना और वोट गिनवाना’ जैसे सभी कार्यों में सजग रहना होगा। अखिलेश यादव ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता अब भाजपा को हटाकर 2027 में सपा की सरकार बनाने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
Also Read: Jaunpur News: दर्शनार्थियों से भरी बस और ट्रेलर की टक्कर, 4 की मौत, 9 गंभीर घायल

