UP Energy Expo 2025: उत्तर प्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र के नए युग की शुरुआत

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में सौर और नवीकरणीय ऊर्जा की दिशा में एक नया अध्याय लिखने के उद्देश्य से “यूपी एनर्जी एक्सपो 2025” (UPEX) का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण आयोजन की जानकारी शनिवार को गोमती नगर स्थित पीएचडी हाउस में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान दी गई।

इस अवसर पर सौरभ खरवार, विमल शुक्ला, ओम यादव, राजेश निगम (को-चेयर, यूपी स्टेट चैप्टर पीएचडी सीसीआई), अतुल श्रीवास्तव (रीजनल डायरेक्टर), पराग मिश्रा, तुलसीदास राय और रोहित विश्वकर्मा उपस्थित रहे। प्रेस वार्ता में एक्सपो का ब्रोशर भी लॉन्च किया गया।

8 से 10 मई तक लखनऊ में आयोजन

यह एक्सपो 8 से 10 मई 2025 तक इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ के लॉन-2 में आयोजित होगा। प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलने वाले इस आयोजन में प्रवेश निशुल्क रहेगा।

150 से अधिक प्रदर्शक, देश-विदेश से होंगे शामिल

एक्सपो में 150 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शक भाग लेंगे, जो सौर ऊर्जा, स्मार्ट ग्रिड और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी से जुड़ी नवीनतम तकनीकों और नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे।

मुख्य उद्देश्य

  • उत्तर प्रदेश को सौर ऊर्जा निवेश के हब के रूप में स्थापित करना
  • ईवी (इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण और चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देना
  • बैटरी स्वैपिंग और चार्जिंग स्टेशन के विकास में निवेश आकर्षित करना
  • सौर ऊर्जा उत्पादन और भंडारण में उद्योगों को प्रोत्साहित करना

नीतिगत समर्थन और योजनाएं

सम्मेलन संयोजक पराग मिश्रा और को-चेयर राजेश निगम ने बताया कि यह एक्सपो केंद्र और राज्य सरकारों की पीएम सूर्य घर योजना, यूपी सोलर नीति 2022 और पीएम कुसुम योजना जैसी पहल को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। यूपी सरकार का लक्ष्य 2026-27 तक 22,000 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन का है।

प्रदर्शनी के मुख्य सेक्शन

  1. यूपी सोलर एक्सपो: सौर प्रौद्योगिकियों और समाधानों का प्रदर्शन
  2. स्मार्ट ग्रिड एक्सपो: स्मार्ट मीटर, ऊर्जा प्रबंधन और डिजिटल ग्रिड
  3. इलेक्ट्रिक मोबिलिटी शोकेस: नवीनतम ईवी, चार्जिंग सॉल्यूशंस और इनोवेशन

सम्मेलन और नेटवर्किंग

एक्सपो में 10 थीम आधारित सत्र होंगे, जिनमें 60 से अधिक विशेषज्ञ वक्ता भाग लेंगे। स्टार्टअप्स, निवेशक, नीति निर्माता और शोधकर्ता एक मंच पर आएंगे। इसके साथ ही B2B मीटिंग्स, पैनल डिस्कशन और लाइव डेमो का आयोजन भी होगा। रीजनल डायरेक्टर अतुल श्रीवास्तव ने कहा कि यह एक्सपो ऊर्जा क्षेत्र के स्टार्टअप्स और नवाचारों को मंच प्रदान करेगा और राज्य को हरित ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने में मदद करेगा।

Also Read: Lucknow : अमौसी रोड स्थित रस फैक्ट्री में लगी भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.