चिकित्सा इकाईयों के एनक्यूएएस सर्टिफिकेशन में यूपी अव्वल
प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने एमडी पिंकी जोवल समेत एनएचएम के अफसरों के कार्यों को सराहा
Sandesh Wahak Digital Desk: शुक्रवार को प्रमुख सचिव, स्वास्थ्य की अध्यक्षता में स्टेट क्वालिटी एश्योरेंश एवं कायाकल्प कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मिशन निदेशक, एनएचएम, अपर मिशन निदेशक, महानिदेशक, परिवार कल्याण, चिकित्सा महानिदेशालय से निदेशक चिकित्सा उपचार एवं अन्य उच्च अधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। बैठक में नेशनल क्वालिटी सर्टिफिकेशन तथा कायाकल्प स्कीम की समीक्षा की गयी तथा चिकित्सा इकाईयों में गुणवत्ता बढ़ाने एवं दिसम्बर 2025 तक 50 प्रतिशत चिकित्सा इकाईयों के सर्टिफिकेशन के लिए रणनीति तैयार करने को मंथन किया गया।
प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने एमडी पिंकी जोवल समेत एनएचएम के अफसरों के कार्यों को सराहा
बैठक में बताया गया कि भारत सरकार स्तर से गत वर्ष अगस्त 2024 तक मात्र 285 चिकित्सा इकाई एन.क्यू.ए.एस सर्टिफाइड हुई थीं। अब माह जुलाई 2025 तक 1857 चिकित्सा इकाई सर्टिफाइड तथा प्रदेश ने 5445 चिकित्सा इकाइयां एन.क्यू.ए.एस. स्टेट सर्टिफिकेशन कर अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की है। चिकित्सा इकाईयों के एन.क्यू.ए.एस सर्टिफिकेशन में प्रदेश गत वर्ष सातवें पायदान पर था। अथक प्रयासों से इस वर्ष माह जुलाई तक प्रदेश प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है।
प्रमुख सचिव स्वास्थ्य पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बताया कि भारत सरकार स्तर से अब तक 1857 चिकित्सा इकाईया एन.क्यू.ए.एस सर्टिफिकेशन प्राप्त कर चुकी है। उन्होनें प्राथमिक/नगरीय स्वास्थ्य केन्द्रों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के सर्टिफिकेशन प्राथमिकता के आधार पर बढ़ाये जाने पर बल दिया। शर्मा ने मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. पिंकी जोवल, डॉ. धीरेन्द्र सिहं सचान, अपर मिशन निदेशक एनएचएम और डॉ. एम.एस.अहमद, महाप्रबंधक-क्यू.ए. तथा समस्त क्वालिटी टीम राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के उत्कृष्ट कार्य की प्रशंसा की।
चिकित्सा इकाइयों को प्राप्त हो रहे गुणवत्ता प्रमाण पत्र पर एमडी एनएचएम डाॅ0 पिंकी जोवल ने कहा कि समेकित प्रयास से प्रदेश की स्वास्थ्य इकाईयां लगातार मानकों पर खरी उतर रही हैं और दिसंबर 2026 तक प्रदेश की समस्त स्वास्थ्य इकाइयों को गुणवत्ता प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए विशेष प्रयास किये जाने की आवश्यकता है।
Also Read: Shravasti News: पुलिस की नाक के नीचे चोरों का आतंक, एक ही रात चार दुकानों से लाखों की चोरी

