UP स्थापना दिवस पर बोले सीएम योगी, बीमारू की पहचान छोड़ अब देश का ग्रोथ इंजन बना उत्तर प्रदेश

Lucknow News: उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक गौरवशाली और प्रगतिशील राज्य का विजन पेश किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब नीतिगत उदासीनता की बेड़ियों को तोड़कर एक नई पहचान के साथ उभरा है। अयोध्या, काशी और मथुरा जैसी आध्यात्मिक धरोहरों का जिक्र करते हुए उन्होंने राज्य को भारत की सांस्कृतिक चेतना का केंद्र बताया।

विकास के मोर्चे पर UP की ऊंची छलांग

मुख्यमंत्री ने आंकड़ों के साथ बताया कि कैसे उत्तर प्रदेश आज औद्योगिक हब बन रहा है। देश में बनने वाले 55% मोबाइल फोन और 60% इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स का निर्माण अकेले उत्तर प्रदेश में हो रहा है। जल, थल और नभ (सड़क, रेल और एयर) के क्षेत्र में हुई अभूतपूर्व प्रगति ने व्यापार और पर्यटन को नई गति दी है। सीएम योगी ने बताया कि सरकार के प्रयासों से महिलाओं की श्रमबल में भागीदारी 13% से बढ़कर अब 36% तक पहुंच गई है, जो एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि अमृतकाल में प्रदेश समावेशी विकास के संकल्प को पूरा कर रहा है। उन्होंने कानून व्यवस्था और सुशासन को राज्य की सफलता का मुख्य आधार बताया। उन्होंने कहा कि अयोध्या की मर्यादा, काशी की शाश्वत चेतना और प्रयागराज की समरसता आज भी भारत को नई दिशा दे रही है। संभल से लेकर मथुरा तक सांस्कृतिक पुनर्जागरण का स्वर्ण युग लिखा जा रहा है। विदेशों में रह रहे उत्तर प्रदेश के प्रवासियों को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा, आपकी मेहनत और प्रतिभा ने वैश्विक मंच पर भारत का मान बढ़ाया है। हमारी सरकार आपके अनुभव और ज्ञान को प्रदेश की विकास यात्रा से जोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने प्रवासियों को उत्तर प्रदेश में निवेश और नवाचार (Inovation) के लिए आमंत्रित किया।

Also Read: यूपी में कांग्रेस का ‘चुनावी शंखनाद’: सीतापुर से शुरू होगा रैलियों का रेला, राहुल-प्रियंका और खरगे भी झोंकेंगे ताकत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.