Lucknow News: खाद की कालाबाजारी और तस्करी पर योगी सरकार का बड़ा एक्शन, सिद्धार्थनगर जिला कृषि अधिकारी सस्पेंड
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में किसानों को खाद उपलब्ध कराने में लापरवाही और कालाबाजारी को बढ़ावा देने वाले अधिकारियों की अब खैर नहीं है। योगी सरकार ने सिद्धार्थनगर के जिला कृषि अधिकारी मोहम्मद मुजम्मिल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई खाद की पर्याप्त मौजूदगी के बावजूद किसानों को हो रही परेशानियों और भ्रष्टाचार की शिकायतों के बाद की गई है।
बुधवार को विधानसभा सत्र के दौरान प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने सदन में स्पष्ट किया कि सिद्धार्थनगर जिले में खाद की कोई कमी नहीं थी, इसके बावजूद वहां से लगातार ओवर रेटिंग (तय दाम से ज्यादा वसूली), टैगिंग और नेपाल तस्करी की खबरें आ रही थीं। जिला कृषि अधिकारी इन अवैध गतिविधियों को रोकने में पूरी तरह विफल रहे, जिसे सरकार ने घोर लापरवाही माना है।
कृषि मंत्री ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि यूपी सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, उर्वरकों के वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों को खाद मिलने में बाधा डालने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। इस निलंबन के साथ ही विभाग के सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को चेतावनी जारी की गई है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में खाद की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करें और अवैध गतिविधियों में शामिल दुकानदारों या तस्करों के खिलाफ सख्त कदम उठाएं।
Also Read: कैबिनेट मंत्री नितेश राणे के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी, जानें क्या है पूरा मामला

