UP सरकार लेगी ‘अग्निवीर आंदोलन’ के 52 मुकदमे वापस, 11 जिलों के युवाओं को मिलेगी राहत

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने वर्ष 2022 में अग्निवीर योजना के खिलाफ हुए आंदोलन के दौरान सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में 11 जिलों के 52 युवाओं पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने का फैसला किया है। सरकार के इस कदम से पिछले तीन वर्षों से कानूनी प्रक्रिया का सामना कर रहे युवाओं और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

विधायकों की पहल पर फैसला

जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह और अनूपशहर के विधायक संजय शर्मा ने इस पहल को शुरु किया। दोनों विधायकों ने 30 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर इन युवाओं के मुकदमे वापस लेने की मांग का एक पत्र सौंपा था।

मुकदमों की वापसी की प्रक्रिया शुरू

विधायकों के पत्र के आधार पर, प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 11 जिलों के जिलाधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के माध्यम से संबंधित सभी थानों से इन मामलों की पूरी डिटेल मंगवाई जा रही है। इन रिपोर्टों के आने के बाद, सरकार आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए इन मुकदमों को औपचारिक रूप से वापस लेगी। साल 2022 में केंद्र सरकार द्वारा अग्निवीर योजना की घोषणा के बाद देशव्यापी विरोध प्रदर्शन हुए थे, जिसमें यूपी में भी तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई थीं, जिसके बाद ये मुकदमे दर्ज किए गए थे।

Also Read: वेस्ट यूपी और उत्तराखंड के 26 सहकारी बैंक IT विभाग के रडार पर, SFT रिपोर्ट छिपाने का आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.