बच्चों से मिलीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, किसी ने पीएम तो किसी ने पायलट बनने का जताया सपना
Lucknow News: लखनऊ स्थित राजभवन में आज उस वक्त रौनक बढ़ गई जब संस्कृति स्कूल के केजी (KG) से लेकर कक्षा 11वीं तक के 60 विद्यार्थियों और 16 शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान राज्यपाल एक अभिभावक की भूमिका में नजर आईं और बच्चों के साथ उनके भविष्य को लेकर खुलकर चर्चा की।
राज्यपाल ने संवाद के दौरान बच्चों से उनके जीवन के लक्ष्यों के बारे में पूछा। बच्चों ने भी बड़े उत्साह के साथ अपने मन की बात कही। किसी बच्चे ने देश की सेवा के लिए प्रधानमंत्री बनने की इच्छा जताई, तो किसी ने आसमान की ऊँचाइयों को छूने के लिए कमर्शियल पायलट बनने का अपना लक्ष्य बताया।
राज्यपाल ने बच्चों को किताबी ज्ञान से हटकर जीवन के व्यावहारिक और नैतिक मूल्यों के बारे में समझाया। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि कूड़ा हमेशा डस्टबिन में डालें और पानी की एक-एक बूंद बचाएं। उन्होंने एक बहुत ही सुंदर सुझाव दिया कि यदि बोतल में पानी बच जाए, तो उसे फेंकने के बजाय पौधों में डाल दें। उन्होंने बच्चों से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ जैसे अभियानों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने को कहा।

सेहत का संदेश और चॉकलेट का उपहार
स्वस्थ जीवनशैली पर जोर देते हुए राज्यपाल ने बच्चों को जंक फूड से दूर रहने और हरी सब्जियाँ, दूध, दाल और पनीर जैसे पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल-कूद भी उतना ही जरूरी है। मुलाकात के अंत में राज्यपाल ने सभी बच्चों को चॉकलेट बांटी, जिससे बच्चों के चेहरे खिल उठे।
मुलाकात के बाद सभी विद्यार्थियों ने जन भवन के विभिन्न हिस्सों का शैक्षणिक भ्रमण किया। बच्चों ने राजभवन की कार्यप्रणाली और वहां की ऐतिहासिक व्यवस्थाओं को करीब से समझा। इस खास मौके पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. सुधीर महादेव बोबडे, स्कूल की प्रधानाचार्य और अन्य शिक्षक भी मौजूद रहे।
Also Read: LPG Shortage से बचने के लिए रेलवे की तैयारी, लागू होगा Flameless Kitchen सिस्टम

