यूपी बना विश्वास का प्रतीक, यही हमारी सबसे बड़ी पूंजी: CM योगी

Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को आगरा में यथार्थ हॉस्पिटल का भव्य लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि जब सरकार, समाज और निजी संस्थाएं एक दिशा में काम करती हैं, तो उसका परिणाम ‘विश्वास’ के रूप में सामने आता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज उत्तर प्रदेश पूरे देश के लिए विश्वास का प्रतीक बन चुका है।

“सस्ती और विश्वसनीय सेवा ही प्राथमिकता”

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी संप्रभु देश के लिए अपने नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना पहला कर्तव्य है। उन्होंने यथार्थ ग्रुप की सराहना करते हुए कहा कि यह अस्पताल आगरा के लिए ‘अष्टसिद्धि’ के समान है। सीएम ने ग्रुप को न्यौता भी दिया कि वे प्रदेश के किसी अन्य जनपद में मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए आगे आएं, सरकार उन्हें हर संभव सहयोग देगी।

पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा 2017 से पहले यूपी में केवल 17 मेडिकल कॉलेज थे और सरकारें ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ की नीति पर चलती थीं। आज यूपी में 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और दो एम्स (गोरखपुर व रायबरेली) जनता की सेवा कर रहे हैं। डबल इंजन की सरकार ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज’ का सपना हकीकत में बदला है।

गरीबों को मिला ‘आयुष्मान’ का कवच

सीएम ने स्वास्थ्य योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि यूपी में अब तक 5.60 करोड़ गोल्डन कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिसे जल्द ही 10 करोड़ तक पहुंचाया जाएगा। आंगनबाड़ी, आशा वर्कर, रसोइया और शिक्षकों समेत 10 लाख से अधिक लोगों को ₹5 लाख की कैशलेस सुविधा दी गई है। प्रदेश के हर जनपद में फ्री डायलिसिस और सीटी स्कैन की सुविधा शुरू की गई है।

यूपी बनेगा मेडिकल मैन्युफैक्चरिंग का हब

भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि दवाओं के उत्पादन के लिए ललितपुर में 1500 एकड़ में फार्मा पार्क और मेडिकल उपकरणों के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर मेडिकल डिवाइस पार्क विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब दवाएं और मशीनें बाहर से मंगाने के बजाय यूपी में ही बनाई जाएंगी।

Also Read: एग्रीटेक से हेल्थकेयर तक, यूपी की 9,600 महिला उद्यमी बदल रही हैं प्रदेश की तकदीर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.