यूपी में पुराने बकायेदारों को राहत, 3 महीने तक ब्याज और अर्थदंड माफ करने को मंजूरी
UP Interest Waiver Scheme 2026: उत्तर प्रदेश में पुराने कर बकायेदारों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश ब्याज माफी योजना-2026 लागू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इसके तहत 31 दिसंबर 2025 तक बने पुराने बकायों पर ब्याज और अर्थदंड माफ करने का निर्णय लिया गया है। यह छूट तीन महीने तक लागू रहेगी।
योजना के दायरे में बिक्री कर, केंद्रीय बिक्री कर, व्यापार कर और मूल्य संवर्धित कर (वैट) समेत कई पुराने कर कानूनों के तहत बने बकाये शामिल होंगे। इससे संबंधित कर कानूनों के तहत बकाया रखने वाले करदाताओं को राहत मिल सकेगी।
इन पुराने कर कानूनों के बकायों पर मिलेगी छूट
योजना में उत्तर प्रदेश बिक्री कर अधिनियम-1948, केंद्रीय बिक्री कर अधिनियम-1956, उत्तर प्रदेश आमोद एवं पणकर अधिनियम-1979 और उत्तर प्रदेश व्यापार कर अधिनियम-1995 के तहत बने बकायों को शामिल किया गया है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश प्रवेश कर अधिनियम-2007 और उत्तर प्रदेश मूल्य संवर्धित कर अधिनियम-2008 के तहत बने बकाये भी इसके दायरे में आएंगे। मनोरंजन कर से संबंधित नियमावली और उत्तर प्रदेश केबल टेलीविजन नेटवर्क नियमावली-1997 से जुड़े मामलों को भी योजना में शामिल किया गया है।
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि तय तारीख तक बने बकायों पर लगने वाले ब्याज और अर्थदंड को माफ करने के लिए यह योजना लागू की जा रही है। इससे पुराने कर बकायों और विवादों के निपटारे को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
जेवर एयरपोर्ट का नाम अब ‘नरेन्द्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट’
योगी कैबिनेट ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर का नाम बदलकर ‘नरेन्द्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया।
मुख्यमंत्री ने इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति प्रदेश सरकार की कृतज्ञता और उत्तर प्रदेश के विकास में उनके मार्गदर्शन एवं योगदान के सम्मान का प्रतीक बताया।
कैबिनेट बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर अभिनंदन प्रस्ताव भी पारित किया गया है।
7 अक्टूबर को सार्वजनिक सेवा के 25 साल हुए पूरे
मुख्यमंत्री के मुताबिक, 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्षों की निरंतर और समर्पित सार्वजनिक सेवा पूरी की। उन्होंने इस यात्रा को भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास का गौरवपूर्ण अध्याय बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की यह यात्रा ‘सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम’ की भावना से संचालित रही है।
Also Read: लखनऊ में नौकरी के नाम पर करोड़ों की ठगी, लापता डॉक्टर की तलाश में जुटी पुलिस

