Mau News: पूर्व सांसद अतुल राय के काफिले को पुलिस ने रोका, भड़के नेता बोले- सत्ता के दबाव में हो रहा उत्पीड़न

Mau News: घोसी के पूर्व सांसद अतुल राय और पुलिस प्रशासन के बीच मंगलवार को तीखी नोकझोंक देखने को मिली। अतुल राय अपने समर्थकों के साथ एक कार्यक्रम में जा रहे थे, तभी शहर कोतवाली पुलिस ने उनके काफिले को रोककर सघन तलाशी लेनी शुरू कर दी। पुलिस ने इस कार्रवाई के पीछे धारा 144 (बीएनएस-163) लागू होने का हवाला दिया है।

काफिला रोके जाने से नाराज पूर्व सांसद ने इसे सीधे तौर पर राजनीतिक द्वेष का मामला बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन सत्तापक्ष के इशारे पर उन्हें परेशान कर रहा है। अतुल राय ने सवाल उठाते हुए कहा, अभी दो दिन पहले एक स्थानीय मंत्री 25 गाड़ियों के काफिले के साथ इसी शहर से गुजरे थे, तब प्रशासन को कानून याद नहीं आया? मैं तो नियमों का पालन करते हुए सिर्फ 4 गाड़ियों के साथ निकला था, फिर मुझे क्यों रोका गया?

वीडियो संदेश के जरिए दी चेतावनी

घटना के बाद अतुल राय ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर अपना गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने कहा कि घोसी की जनता उनके परिवार जैसी है और उनसे मिलने के लिए उन्हें किसी की इजाजत की जरूरत नहीं है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, मैं कानून का सम्मान करता हूँ, लेकिन कानून के नाम पर राजनीतिक दबाव बर्दाश्त नहीं करूँगा। अगर गाड़ियां रोकी गईं, तो मैं पैदल चलकर अपने लोगों के बीच पहुँचूँगा।

पुलिस की सफाई, यह रूटीन चेकिंग है

दूसरी तरफ, पुलिस प्रशासन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 144 लागू है। इसी के तहत एहतियातन गाड़ियों की चेकिंग की जा रही थी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए की गई एक सामान्य प्रक्रिया थी।

Also Read: Lucknow News: चारबाग स्टेशन पर रेस लगा रहा बैटरी रिक्शा रेलवे ट्रैक पर पलटा, यात्रियों की बची जान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.