UP: विधानमंडल का मानसून सत्र सोमवार से, पहली बार लगेगी एआई पाठशाला

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र सोमवार से प्रारंभ होगा। सत्र से एक दिन पहले रविवार को विधान भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना समेत विभिन्न दलों के नेता मौजूद रहे। इस दौरान सत्र के सुचारू संचालन और जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा को लेकर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी दलों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ और रचनात्मक चर्चा से ही प्रदेश का विकास और जनता की समस्याओं का समाधान संभव है।

जनता की समस्याओं का हल निकलता है

सीएम योगी ने कहा कि हम जनप्रतिनिधि हैं, इसलिए सदन में जनता की समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि सदन का संचालन बिना किसी बाधा के हो और ज्यादा समय तक चले, इसके लिए सभी का सहयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि सदन सार्थक बहस का मंच है, जहां से विकास कार्यों को गति मिलती है और जनता की छोटी-बड़ी समस्याओं का हल निकलता है।

पहली बार एआई पाठशाला की होगी शुरूआत 

बैठक से पहले विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कार्यमंत्रणा समिति की बैठक की, जिसमें सत्र की कार्यवाही को लेकर रणनीति बनी। खास बात यह रही कि रविवार को विधानसभा में देश की पहली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पाठशाला भी शुरू हुई। इसका उद्देश्य विधायकों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना और उनके कामकाज में स्मार्टनेस लाना है।

आईआईटी कानपुर के विशेषज्ञ देंगे एआई का प्रशिक्षण

एआई पाठशाला में आईआईटी कानपुर के विशेषज्ञ विधायकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग, संभावनाओं और लाभ के बारे में प्रशिक्षण देंगे। यह पहल तकनीक और शासन को जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्वदलीय बैठक से पहले विधान भवन के प्रवेश द्वार के नवीनीकृत गुम्बद, सभा मंडप और सभा कक्ष संख्या-15 का लोकार्पण किया। इन नवीनीकरण कार्यों से विधान भवन की भव्यता और सुविधाओं में वृद्धि हुई है। आगामी मानसून सत्र में सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश कर सकती है और विपक्ष भी अपने मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाने की तैयारी में है।

Also Read: PM मोदी करेंगे सांसदों के नए आवासीय परिसर का उद्घाटन, जानें खूबियां

Get real time updates directly on you device, subscribe now.