UP News: छात्रवृत्ति से वंचित 6 लाख छात्रों को मिलेगा लाभ, सीएम योगी ने दी मंजूरी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में वर्ष 2024-25 के दौरान तकनीकी खामियों और संस्थागत लापरवाही के कारण छात्रवृत्ति से वंचित रहे लगभग 6 लाख छात्रों को अब राहत मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन छात्रों को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति (फीस भरपाई) देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके लिए राज्य सरकार छात्रवृत्ति पोर्टल को दोबारा खोलने जा रही है।

300 करोड़ रुपये की होगी व्यवस्था

सरकार इस योजना के तहत भुगतान के लिए अनुपूरक बजट और बचत के मदों (पुनर्विनियोग) से करीब 300 करोड़ रुपये की व्यवस्था करेगी। इस धनराशि से वंचित छात्रों को छात्रवृत्ति और फीस प्रतिपूर्ति की जाएगी।

वित्तीय वर्ष 2024-25 में बड़ी संख्या में पात्र छात्र केवल संस्थाओं, विश्वविद्यालयों और अधिकारियों की लापरवाही के कारण योजना से वंचित रह गए। कई स्थानों पर अधिकारियों ने पोर्टल पर डेटा लॉक नहीं किया, तो कई शिक्षण संस्थानों ने छात्रों के ऑनलाइन आवेदन फॉरवर्ड ही नहीं किए।

विशेष रूप से अलीगढ़ की राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में एससी वर्ग के छात्रों का डाटा फॉरवर्ड करने के लिए नोडल अधिकारी ने पोर्टल पर लॉगिन तक नहीं किया। जबकि शासन ने ऐसे छात्रों के डाटा को 17 से 30 अप्रैल तक फॉरवर्ड करने की समयसीमा दी थी।

अब कैबिनेट से मिलेगी अंतिम स्वीकृति

समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव लक्कु वेंकटेश्वर लू ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद अब यह प्रस्ताव राज्य कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा। कैबिनेट से स्वीकृति मिलते ही छात्रवृत्ति पोर्टल खोलने की नई समयसारिणी जारी की जाएगी ताकि छूटे हुए छात्र पुनः आवेदन कर सकें और बकाया भुगतान प्राप्त कर सकें।

किसे मिलेगा लाभ?

एससी/एसटी छात्र जिनकी पारिवारिक आय सालाना ₹2.5 लाख तक है

अन्य वर्गों के छात्र जिनकी पारिवारिक आय सालाना ₹2 लाख तक है

इन सभी पात्र छात्रों को छात्रवृत्ति के साथ-साथ फीस की प्रतिपूर्ति भी दी जाएगी।

 

Also Read: Gonda News: महिलाओं के अंडाणुओं की खरीद-फरोख्त पर घिरा जीवनदीप हॉस्पिटल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.