UP News: 7 साल से फरार 2 लाख का इनामी हत्यारा बरेली से गिरफ्तार, STF ने की बड़ी कार्रवाई
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए, पिछले सात वर्षों से फरार चल रहे और ₹2,00,000/- के इनाम घोषित अपराधी सुमित कुमार को बरेली जिले से गिरफ्तार किया है। सुमित कुमार जिला जेल बदायूं से फरार हुआ था और मुरादाबाद व बदायूं जिलों में वांछित था।
STF की पूछताछ में सुमित कुमार ने अपने जघन्य अपराधों और फरारी की कहानी बताई। सुमित ने बताया कि वर्ष 2014 में उसके बड़े भाई रिंकू की हत्या तत्कालीन ब्लॉक प्रमुख योगेन्द्र उर्फ भूरा ने कर दी थी। इसी का बदला लेने के लिए सुमित ने 2015 में मुरादाबाद कचहरी परिसर में योगेन्द्र उर्फ भूरा की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
हत्या के आरोप में गिरफ्तार होने के बाद सुमित को मुरादाबाद जेल से जिला कारागार बदायूं स्थानांतरित किया गया। यहीं उसकी मुलाकात चंदन नामक व्यक्ति से हुई, जिसने उसे भागने का प्लान बताया। 12 मई 2018 को सुमित बदायूं जिला कारागार की दीवार को रस्से की मदद से फांदकर फरार हो गया।
फरार होने के बाद सुमित लगातार अपनी पहचान छुपाकर दिल्ली, मेरठ, तमिलनाडु, असम, नेपाल और ओडिशा जैसे कई स्थानों पर छिपा रहा। पुलिस के लगातार पीछा करने की आशंका से तंग आकर उसने नेपाल भाग जाने का निर्णय लिया था।
STF की कार्रवाई
एसटीएफ को वांछित अपराधियों के सक्रिय होने की सूचनाएं लगातार मिल रही थीं। अपर पुलिस अधीक्षक अब्दुल कादिर के पर्यवेक्षण में एसटीएफ फील्ड इकाई बरेली की टीम अभिसूचना संकलन कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि 2 लाख रुपये का इनामी सुमित कुमार वर्तमान में पीलीभीत-टनकपुर के रास्ते नेपाल भागने की फिराक में है। सूचना के आधार पर, उनि धूम सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ टीम ने तुरंत घेराबंदी की और मुरादाबाद-लखनऊ हाईवे के पुल के पास से सुमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
दर्ज मामले
सुमित कुमार पर मुरादाबाद और बदायूं के विभिन्न थानों में हत्या, आर्म्स एक्ट, और जेल से फरार होने के आरोप में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मुख्य हैं:

Also Read: Gonda News: ‘लूट’ की झूठी शिकायत करने वाला पति गिरफ्तार, ऐसे दिया था साजिश को अंजाम

