UP News: देवरिया जेल से फरार हुआ अमन पाण्डेय, STF ने गुजरात से किया गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक बड़ी कामयाबी मिली है। एसटीएफ ने 2022 में देवरिया जेल से फरार हुए आरोपी अमन पाण्डेय को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया है। अमन पाण्डेय तभी से फरार चल रहा था।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार अमन पाण्डेय पर गौरी बाजार थाने में 2022 में अपहरण, रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था। इसी मामले में वह 16 दिसंबर 2022 से देवरिया जेल में बंद था। 29 दिसंबर 2022 को अमन के पिता उपेंद्र पाण्डेय जेल में उससे मिलने आए थे। मुलाकात खत्म होने पर जब सभी लोग वापस जा रहे थे, तो अमन भी भीड़ का फायदा उठाकर जेल से फरार हो गया था। जेल प्रशासन ने इस मामले में कोतवाली देवरिया में भी एक केस दर्ज कराया था।
गुजरात में छिपा था अमन
फरार होने के बाद अमन पाण्डेय पहले कुछ समय तक वाराणसी, दिल्ली और अमृतसर में रहा। फिर वह सूरत (गुजरात) चला गया और वहां छिपकर रहने लगा। एसटीएफ को सूचना मिली कि अमन सूरत में रह रहा है। इसके बाद एसटीएफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे शिव शक्ति सोसाइटी, उधना से गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ की टीम अब अमन को सूरत की अदालत में पेश करके ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आएगी और आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
Also Read: Siddharthnagar News: भाकियू (टिकैत) ने ट्रैक्टर रैली निकालकर राष्ट्रपति को सौंपा 11 मांगों का ज्ञापन

