UP News: आंगनबाड़ी में 69,197 पदों पर होगी भर्ती, योगी सरकार का बड़ा तोहफा
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश (UP) सरकार ने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के 69,197 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का निर्णय लिया है। इनमें 7,952 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और 61,254 सहायिकाओं के पद शामिल हैं।
भर्ती प्रक्रिया और समयबद्ध योजना
दरअसल मुख्य सचिव UP ने गुरुवार को विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और त्वरित तरीके से पूरी की जाए। इसके लिए जिलेवार भर्ती के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित की जाएगी। प्रत्येक चरण के लिए समय सीमा निर्धारित करने पर भी जोर दिया गया।
अपर मुख्य सचिव लीना जौहरी ने बताया कि कुल रिक्त पदों में से 2,123 पद पहले से खाली हैं, जबकि शेष पद हाल ही में स्वीकृत 306 नए आंगनबाड़ी केंद्रों से संबंधित हैं। इन केंद्रों को सक्षम आंगनबाड़ी में विकसित करने के लिए पोषण वाटिका, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, एलईडी स्क्रीन और ईसीसीई सामग्री जल्द स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।

पोषण और शिक्षा पर विशेष ध्यान
मुख्य सचिव ने पोषण भी, पढ़ाई भी कार्यक्रम के तहत सभी जिलों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को तीन दिवसीय प्रशिक्षण देने पर जोर दिया। उनका कहना था कि प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं की दक्षता बढ़ाएगा और बच्चों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का मानदेय
दरअसल आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 8,000 रुपये/माह (6,000 रुपये मानदेय + 2,000 रुपये प्रोत्साहन) तथा सहायिकाओं को 4,000 रुपये/माह (3,000 रुपये मानदेय + 1,000 रुपये प्रोत्साहन) तय किया गया है। साथ ही प्रदेश (UP) में स्वीकृत 23,697 आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

