UP News: सादी पर्ची पर बाहर की दवा लिखने वाले डॉक्टर होंगे निलंबित, जारी हुए निर्देश

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था सुधारने और मरीजों को मिल रही सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। अब सादी पर्ची पर बाहर की ब्रांडेड दवाएं लिखने वाले डॉक्टरों को सीधे निलंबित किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष ने इस संबंध में सख्त चेतावनी जारी की है। डॉक्टरों को निर्देश दिया गया है कि वे केवल उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाइज कार्पोरेशन द्वारा भेजी जाने वाली उपलब्ध दवाओं और जेनेरिक दवाओं को ही लिखें, जो जन औषधि केंद्रों पर भी उपलब्ध हैं।

यदि सादी पर्ची पर बाहर की दवा लिखी मिली तो संबंधित डॉक्टर के खिलाफ निलंबन तक की कार्रवाई होगी। निर्धारित समय पर ओपीडी कक्ष में डॉक्टर के अनुपस्थित रहने पर न सिर्फ संबंधित डॉक्टर, बल्कि चिकित्सा अधीक्षक और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) भी जिम्मेदार माने जाएंगे।

निरीक्षण और सुधार की चेतावनी

अपर मुख्य सचिव ने अस्पताल प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को सुधरने की चेतावनी देते हुए कहा है। 15 नवंबर के बाद शासन स्तर की टीमें अलग-अलग जिलों के अस्पतालों का औचक निरीक्षण करेंगी। अस्पताल अधीक्षक को निर्देश दिया गया है कि वे सुबह से दोपहर दो बजे तक तीन बार पूरे परिसर का राउंड लेकर कमियों को सुधारें।

मरीज कहां करें शिकायत?

यदि कोई डॉक्टर सादी पर्ची पर बाहर की दवा लिखता है, तो मरीज इसकी शिकायत सीधे अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक या अन्य उच्चाधिकारियों को कर सकते हैं। सुनवाई न होने पर शिकायत महानिदेशक स्वास्थ्य को भी भेजी जा सकती है।

Also Read: पीएम मोदी आज काशी में, चार नई वंदे भारत ट्रेनों को दिखाएंगे हरी झंडी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.