UP News: ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का विपक्ष पर करारा वार, बोले- पहले आइना देखिए, फिर सवाल उठाइए
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में बिजली व्यवस्था को लेकर विपक्ष के सवालों के बीच राज्य के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने मंगलवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला बोला। शायरी और भोजपुरी कहावतों के जरिए विपक्ष की कथित दिखावटी चिंता पर निशाना साधते हुए उन्होंने साफ कहा कि पहले खुद के कार्यकाल का आइना देखिए, फिर सरकार से सवाल पूछिए।
ऊर्जा मंत्री ने कहा,”आइना जब भी उठाया करो, पहले देखा करो, फिर दिखाया करो।” इस शेर के माध्यम से उन्होंने सपा और कांग्रेस को नसीहत दी कि मौजूदा सरकार की आलोचना करने से पहले उन्हें यह देखना चाहिए कि उनके कार्यकाल में बिजली व्यवस्था कितनी बदहाल थी।
बलिया वीडियो पर जवाबी हमला
कांग्रेस द्वारा बलिया जिला अस्पताल की बिजली व्यवस्था को लेकर जारी एक वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने उसे “भ्रामक और फर्जी” करार दिया। उन्होंने उसी दिन और जगह का एक दूसरा वीडियो भी साझा किया, जिसमें अस्पताल में बिजली व्यवस्था पूरी तरह सामान्य नजर आई।
उन्होंने कहा कि विपक्ष अब फर्जी वीडियो के सहारे जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। खासकर कांग्रेस और सपा प्रदेश में बिजली संकट को लेकर “बड़ी चिंता” का दिखावा कर रहे हैं, जबकि हकीकत ये है कि उन्हीं के कार्यकाल में बिजली व्यवस्था सबसे ज्यादा बदहाल रही।
भोजपुरी कहावत में विपक्ष पर वार
एके शर्मा ने एक लोकप्रिय भोजपुरी कहावत का हवाला देते हुए विपक्ष पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि “सूपवा त सूपवा, चलनियों बोले जेमें बहत्तर छेद…” (अर्थात् स्वयं गंभीर खामियों से भरे लोग दूसरों पर दोषारोपण कर रहे हैं।)
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि जिन पार्टियों के शासन में बिजली की हालत बेहद खराब थी, वे आज सरकार को उपदेश दे रही हैं। उन्होंने विपक्ष को सलाह दी कि जनहित के नाम पर सिर्फ राजनीति करने के बजाय, जमीनी सच्चाई को स्वीकार करें और सकारात्मक सहयोग दें।
विपक्ष के आरोप क्या हैं?
कांग्रेस ने हाल ही में अस्पतालों में बिजली संकट को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं और सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किए हैं। सपा ने लगातार हो रही बिजली कटौती और ऊर्जा विभाग में निजीकरण को लेकर सरकार की आलोचना की है। दोनों दलों ने ऊर्जा मंत्री की कार्यशैली और नीतियों को लेकर तीखे सवाल उठाए हैं।
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने अंत में विपक्ष से अपील करते हुए कहा कि बिजली व्यवस्था जैसे संवेदनशील मसलों पर राजनीति करने से बचें। उन्होंने कहा कि हमें उत्तर प्रदेश को बेहतर बनाने के लिए मिलकर काम करना चाहिए, न कि गुमराह करने वाली राजनीति के जरिए जनता का भरोसा तोड़ना चाहिए।
Also Read: डिंपल यादव पर टिप्पणी, अखिलेश की चुप्पी पर भाजपा ने पोस्टर के जरिए बोला हमला

