UP News: फिर सुर्खियों में मुस्लिम लड़कियों की डिमांड करने वाला एटा का जेलर
सरकारी आवास पर पहुंचीं पीड़िता ने लगाए यौन शोषण के आरोप, हुई हाथापाई, कई लड़कियों की जिंदगी की खराब, डीजी जेल मेहरबान
Sandesh Wahak Digital Desk: सीएम योगी महिला सुरक्षा पर संवेदनशील हैं। लेकिन कारागार महकमा उन जेलरों के आगे नतमस्तक है। जिनके ऊपर कई महिलाओं की आबरू लूटने के संगीन आरोप लग रहे हैं।

एटा के जेलर प्रदीप कश्यप पर फिर अय्याशी के गंभीर आरोप लगे है। इससे पहले एटा के वार्डर ने कहा था, जेलर मुस्लिम लड़कियों की डिमांड करते है। जेल प्रशासन की जांच में उलटे वार्डर पर ही गाज गिर गयी। वहीं जेलर को क्लीनचिट से नवाजा गया। इस बार आगरा की पीडि़ता ने यौन शोषण के आरोप लगाते हुए सीधे जेलर के आवास पर धावा बोला है। जहां दोनों के बीच हाथापाई भी हुई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पीडि़ता का कहना है कि फोन पर शिकायत के बावजूद डीजी व डीआईजी जेल ने कार्रवाई नहीं की।

सोमवार शाम को एटा जेलर प्रदीप कश्यप के सरकारी आवास पर चेहरा ढके महिला के पहुंचने से हाई-प्रोफाइल ड्रामा हुआ। महिला के मुताबिक शादी का झांसा देकर जेलर प्रदीप कश्यप ने यौन शोषण किया है। गोरखपुर व आगरा में तैनाती के दौरान वह उनके साथ रही है।
पीड़िता बोली- गाड़ी से कुचलवाकर मारने की धमकी दे रहा जेलर प्रदीप
जेलर ने महिला से कहा था कि 11 साल से पत्नी साथ नहीं रह रही, इसलिए तुम सब कुछ हो। बाद में जेलर मुकर गए। महिला के मुताबिक जेलर ने कई लड़कियों की जिंदगी बर्बाद की है। महिला से बचने को जेलर ने अंदर भाग कर दरवाजा बंद कर लिया। महिला ने कहा कि उसे गाड़ी से कुचलवाने की धमकी देकर मारने का प्रयास हो रहा है। पहले दो बार हमला हुआ था।
पीड़िता ने कहा कि डीजी ने लिखित शिकायत करने को कहा है। हालांकि फजीहत को देखते हुए एटा जेल के अधीक्षक अमित चौधरी ने कहा, बड़े अफसरों को प्रकरण की रिपोर्ट भेजी गयी है। वहीं आरोपी जेलर प्रदीप कश्यप ने महिला को जानने से इंकार करते हुए खुद को फंसाने की साजिश बताया है। हालांकि मामले की प्रारंभिक जांच स्थानीय जेल प्रशासन के अफसरों ने शुरू कर दी है।
शर्मनाक: रोते हुए जेल वार्डेन बोला- अय्याशी को एटा का जेलर मांगता है मुस्लिम लड़कियां
शिकायतकर्ता जेल वार्डर पर गिरी गाज, जेलर को क्लीनचीट
एटा के जेल वार्डर राजीव कुमार ने 21 जनवरी को सोशल मीडिया पर चार वीडियो अपलोड किए थे। जेलर प्रदीप कश्यप पर अय्याशी के लिए मुस्लिम लड़कियों की डिमांड करने, उत्पीडऩ-छुट्टी न देने के आरोप लगाए थे। परेशान होकर आत्महत्या करने की बात भी कही थी। उत्पीडऩ की शिकार लडक़ी का भी जिक्र किया था। आगरा जेल अधीक्षक ने मामले की जांच की। साक्ष्य ना मिलने की बात कहकर मामला खत्म कर दिया और वार्डर को दोषी मानते हुए कासगंज जेल से सम्बद्ध कर दिया गया। जेल अधीक्षक आगरा हरिओम शर्मा ने भी कहा कि वार्डर वाला मामला समाप्त हो चुका है।
जल्द जांच पूरी होगी: एडीएम
एटा डीएम ने पूर्व में वायरल हुए चार वीडियो की जांच को कमेटी बनाई थी। कमेटी के मुखिया एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश ने ‘संदेश वाहक’ से कहा कि एटा जेलर प्रदीप कश्यप की जांच पूरी नहीं हो सकी है। कुछ लोगों के बयान बाकी हैं। जल्द जांच पूरी करके रिपोर्ट सौंपेंगे।
Also Read: दिल्ली में भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई, CBI ने परिवहन विभाग के 6 अफसरों को किया…

