UP News: होली खेलने से मना करने पर BJP नेता पर फायरिंग, नशे में धुत युवक ने मचाया उत्पात
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से होली के दिन सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां वार्ड 26 के बीजेपी बूथ अध्यक्ष संजय कुमार आर्य पर एक युवक ने फायरिंग कर दी, जब उन्होंने नशे में धुत आरोपी से होली खेलने से इनकार कर दिया। इस दौरान गोली उनके दोस्त अक्षय के पैर में लग गई। इसके बाद आरोपी ने पिस्टल की बट से संजय पर भी हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र के फूलवती कन्या इंटर कॉलेज के पास हुई। संजय कुमार आर्य और उनके दोस्त अक्षय होली के मौके पर एक-दूसरे से मिल रहे थे, तभी मोहल्ले का रहने वाला अभिषेक ठाकुर, जो नशे में धुत था, वहां पहुंचा और गले मिलने की जिद करने लगा। जब संजय और अक्षय ने उससे दूरी बनाए रखी और गले मिलने से इनकार किया, तो अभिषेक गुस्से में आ गया।
इसके बाद वह अपने घर से पिस्टल लेकर लौटा और सीधे फायरिंग कर दी। गोली अक्षय के पैर में लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। संजय ने जब इस पर आपत्ति जताई तो अभिषेक ने पिस्टल की बट से उनके सिर पर कई वार किए, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। संजय कुमार आर्य और अक्षय का इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
बता दे, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसमें आरोपी को पिस्टल लहराते और हमला करते देखा जा सकता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संजय कुमार आर्य की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
Also Read: UP News: किसान नेता राकेश टिकैत की कार का हुआ भीषण एक्सीडेंट, नील गाय के कारण हुआ हादसा

