UP News : पूर्व भाजपा नेता पर पत्नी की रॉड से पीटकर हत्या का आरोप; गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital  Desk: हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के कम्हरिया गांव में रविवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोइनुद्दीन पर उनकी 27 वर्षीय पत्नी रोशनी की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने दो वर्षीय बेटे असद को घर में रोता-बिलखता छोड़कर फरार हो गया था, जिसे देर शाम पुलिस ने मुटनी गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पारिवारिक विवाद और नशे की लत

पुलिस पूछताछ और पड़ोसियों के बयानों के अनुसार, मोइनुद्दीन शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे की हालत में रोशनी से झगड़ा करता था। पड़ोसियों ने आशंका जताई है कि शनिवार देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में मोइनुद्दीन ने पत्नी को कमरे में बंद कर रॉड से हमला कर दिया।

पड़ोसियों ने बताया कि मोइनुद्दीन नशे का आदी था और कई बार पत्नी को घर से निकाल भी चुका था, हालांकि बाद में माफी मांगकर वापस ले आता था। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि रोशनी की हत्या उसके पति मोइनुद्दीन ने ही की है।

पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया

यह घटना तब सामने आई जब मोइनुद्दीन के फूफा यूसुफ अली ने कमरुद्दीन (गांव निवासी) को फोन पर रोशनी की मौत की सूचना दी। जब कमरुद्दीन घर पहुंचे, तो दरवाजा अंदर से बंद था और अंदर से बच्चे के रोने की आवाज़ आ रही थी। आसपास के लोगों और कोतवाली प्रभारी उमेश यादव, सीओ सदर राजेश कमल की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। कमरे में रोशनी का शव पड़ा था, और बगल में उनका मासूम बेटा असद रो रहा था।

रोशनी की मां इशरत बानो की तहरीर पर आरोपी मोइनुद्दीन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

ग्रामीणों के अनुसार, मोइनुद्दीन का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। करीब दस वर्ष पहले वह गांव के ही एक युवक की हत्या के मामले में अपने भाई कमरुद्दीन के साथ जेल जा चुका है। जमानत पर बाहर आने के बाद वह भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा से जुड़ा और कुछ समय के लिए मंडल अध्यक्ष भी रहा। मोइनुद्दीन ने वर्ष 2022 में मौदहा कस्बे की रोशनी से प्रेम विवाह (कोर्ट मैरिज) किया था। यह रोशनी की दूसरी शादी थी। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ कर रही है।

Also Read: पूर्व कांग्रेस नेता का बड़ा बयान, बोले- राहुल गांधी ‘बदतमीजों के बादशाह’, अखिलेश ने किया पार्टी का ‘सत्यानाश’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.