UP News: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, चार डॉक्टर बर्खास्त, जानिए पूरा मामला

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार सख्त कदम उठा रही है। इसी कड़ी में, बिना सूचना के लंबे समय से ड्यूटी से गायब चल रहे चार डॉक्टरों को बर्खास्त कर दिया गया है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव ने यह आदेश जारी किया है।

बर्खास्त किए गए डॉक्टरों का ब्यौरा

  • पीलीभीत जिला अस्पताल में तैनात बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राजकुमार
  • शाहजहांपुर के जलालाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉ. विनय कुमार सैनी
  • अंबेडकरनगर (उन्नाव में स्थानांतरित) के डॉ. शशि भूषण डोभाल
  • कन्नौज के राजकीय मेडिकल कॉलेज में हड्डी रोग विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अवनीश कुमार सिंह

ये सभी डॉक्टर बिना किसी सूचना के लंबे समय से अपनी ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहे थे। डिप्टी सीएम के निर्देश पर प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने इनकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं।

इन डॉक्टरों पर भी हुई कार्रवाई

इसके अलावा, तीन अन्य डॉक्टरों पर भी गंभीर आरोप लगे हैं, जिनकी जांच के आदेश दिए गए हैं। मैनपुरी के किशनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात दन्तशल्यक डॉ. राखी सोनी बिना छुट्टी लिए ड्यूटी से गायब हैं। प्रयागराज के डिप्टी सीएमओ डॉ. आनंद सिंह पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। मथुरा के छाता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉ. अशोक कुमार पर गंभीर रूप से घायल मरीज के इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप है। प्राथमिक जांच में इन तीनों डॉक्टरों को दोषी पाया गया है। अब इन्हें आरोप-पत्र जारी करके विभागीय कार्यवाही शुरू की जाएगी। साथ ही, राजकीय मेडिकल कॉलेज के हड्डी रोग विभाग के आचार्य एवं विभागाध्यक्ष डॉ. डीसी श्रीवास्तव से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है, क्योंकि उन पर ओपीडी का संचालन समय पर न करने के गंभीर आरोप हैं।

साथ ही डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि मरीजों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मेरठ और आजमगढ़ में नए एक्सरे मशीनें लगाई जाएंगी। इन मशीनों की स्थापना के लिए दोनों अस्पतालों को 27-27 लाख रुपये की राशि जारी कर दी गई है।

 

Also Read: Mainpuri News: कार और ट्रक के बीच भीषण भिड़ंत, एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.