UP News: गाजीपुर ट्रिपल मर्डर, बेटे ने मां-बाप और बहन को उतारा मौत के घाट, गांव में मातम का माहौल

Sandesh Wahak Digital Desk: गाजीपुर के डिलिया गांव में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। एक ही परिवार के तीन लोगों – मां, पिता और बहन – की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हैरानी की बात यह है कि इस खूनी वारदात को अंजाम किसी और ने नहीं, बल्कि घर के ही 35 वर्षीय बेटे ने दिया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह अचानक घर से चीख-पुकार की आवाजें आईं। जब पड़ोसी दौड़कर मौके पर पहुंचे, तो नज़ारा देखकर सब सन्न रह गए। तीनों की लहूलुहान लाशें पड़ी थीं और आरोपी बेटा वहां से भाग निकला।

सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। मौके पर एसपी डॉक्टर ईरज राजा, एएसपी सिटी ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद और सीओ सिटी शेखर सिंह भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और पूरे घर को घेर लिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

घरेलू कलह बना खून-खराबे की वजह?

पुलिस की शुरुआती जांच में घरेलू विवाद को इस हत्याकांड की वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी बेटे की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है। लोग हैरान हैं कि आखिर एक बेटा ऐसा कैसे कर सकता है? पड़ोसियों का कहना है कि परिवार में कुछ समय से कहासुनी चल रही थी, लेकिन किसी को यह अंदाजा नहीं था कि बात इतनी खौफनाक मोड़ ले लेगी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.