UP News: घोसी विधायक सुधाकर सिंह का निधन, समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (SP) को एक बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। घोसी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह का लंबी बीमारी के चलते 67 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार, सुधाकर सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

समाजवादी पार्टी ने दी श्रद्धांजलि

सुधाकर सिंह के निधन की सूचना समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल से साझा की। पार्टी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा “घोसी विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह जी का निधन, अत्यंत दुःखद! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो। भावभीनी श्रद्धांजलि!”

राजनीतिक करियर की बड़ी जीत

सुधाकर सिंह ने घोसी विधानसभा सीट पर अपनी आखिरी जीत 2023 में हुए विधानसभा उपचुनाव में हासिल की थी। उन्होंने इस उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार दारा सिंह चौहान को 42 हजार से अधिक वोटों के रिकॉर्ड अंतर से हराकर बड़ी जीत दर्ज की थी, जिसने प्रदेश की राजनीति में काफी सुर्खियाँ बटोरी थीं। उनके निधन से घोसी विधानसभा सीट अब रिक्त हो गई है।

Also Read: यूपी में करोड़ों का मुआवजा घोटाला: ग्राम समाज की जमीन पर फर्जीवाड़ा, दलितों का कब्ज़ा दिखाकर हड़पी रकम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.