UP News: हिस्ट्रीशीटर प्रवीण मिश्रा की गोली मारकर हत्या, परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप

जौनपुर/प्रयागराज: जंघई कस्बे से सटे मीरगंज थाना क्षेत्र (जौनपुर) के बभनियांव भोजकापूरा गांव में बुधवार की सुबह 26 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर प्रवीण मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रवीण का लहूलुहान शव गांव के दीनानाथ मिश्रा के पंप सेट (मशीन घर) पर पड़ा मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

दीपावली पर घर आया था मृतक

मृतक के पिता महेंद्र मिश्रा ने बताया कि प्रवीण मुंबई में व्यवसाय करता था और दीपावली के अवसर पर ही घर आया था। मंगलवार की रात वह करीब 11 बजे किसी से मिलने के लिए घर से निकला था और बुधवार की सुबह उनका शव मिला। प्रवीण के सिर में गोली लगने के गहरे निशान थे।

पुलिस पर गंभीर आरोप

प्रवीण के पिता महेंद्र मिश्रा ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनके बेटे का कुछ लोगों से भूमि विवाद चल रहा था। महेंद्र मिश्रा का आरोप है कि पुलिस ने जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले लोगों की शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय, प्रवीण पर फर्जी मुकदमे दर्ज कर दिए और उसे हिस्ट्रीशीटर बना दिया। उन्होंने बताया कि प्रवीण के खिलाफ पहला मुकदमा 2016 में दर्ज हुआ था, और 2024 तक उस पर कुल नौ आपराधिक मुकदमे दर्ज किए गए थे, जिसके बाद उसकी हिस्ट्रीशीट खोली गई थी।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ घटनास्थल पर पहुंचे और गहनता से निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने मशीन घर और आसपास के खेतों में भी छानबीन की और कई लोगों से पूछताछ की। एसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि पुलिस घटना के हर पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है। चूंकि यह क्षेत्र प्रयागराज और जौनपुर की सीमा पर है, इसलिए दोनों जिलों की पुलिस मामले की जांच में सहयोग कर रही है।

Also Read: ‘संविदा कर्मी होंगे स्थाई, जीविका दीदियों को 30 हजार वेतन’, बिहार चुनाव के बीच तेजस्वी यादव के 3 बड़े ऐलान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.