UP News: रिश्वत नहीं दिया तो…रोडवेज कर्मचारी ने खोली भ्रष्टाचार की पोल, ARM पर लगाए गंभीर आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जिले में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (रोडवेज) के एक कर्मचारी ने विभागीय अधिकारियों पर रिश्वत मांगने और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। कर्मचारी का कहना है कि वह आठ बजे वाली गाड़ी की नियमित ड्यूटी करता रहा है, लेकिन इसके बावजूद उसे परेशान किया गया और ईमानदारी से काम करने के बावजूद बार-बार पैसे मांगे गए।
शिकायतकर्ता ने कहा, “मैंने पहले खुद ही टिकट वितरण में कुछ समय के लिए गड़बड़ी की थी, लेकिन बाद में खुद सुधार किया और पूरी ईमानदारी से काम करना शुरू किया। इसके बावजूद मुझसे बार-बार पैसे मांगे जाते हैं। जब मैंने पैसे देने से इनकार किया, तो मेरे खिलाफ साजिशें शुरू हो गईं।”
कर्मचारी का आरोप है कि विभागीय अधिकारी ‘एआरम साहब’ उससे लगातार दबाव बनाकर पैसे की डिमांड करते रहे। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने रिश्वत देने से मना किया, तो उन्हें डराया-धमकाया गया और परेशान किया जाने लगा।
कर्मचारी ने कहा कि जो लोग पैसे नहीं देते, उनके पीछे अधिकारी पड़ जाते हैं और बदले की भावना से काम करते हैं। मैं अब इस मामले को उच्चाधिकारियों के सामने रखने जा रहा हूं ताकि सच्चाई सामने आ सके। कर्मचारी ने यह भी आरोप लगाया कि परिवहन निगम के कुछ अधिकारी ड्यूटी चार्ट में जानबूझकर गड़बड़ी करते हैं और फिर कर्मचारियों को बुलाकर उनसे पैसे की मांग करते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वे मामले को एमडी स्तर तक ले जाने के लिए तैयार हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि ईमानदार कर्मचारियों की बात सुनी जाएगी। फिलहाल, इस आरोप पर संबंधित अधिकारियों की प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है। यदि शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों में सच्चाई पाई जाती है, तो यह मामला गंभीर प्रशासनिक जांच की मांग करता है।
Also Read: UP Weather Update: प्रदेश में आंधी-बारिश से 19 मौतें, सीएम योगी ने जारी किए दिशा-निर्देश

