UP News: NSUI की लखनऊ में अहम बैठक: देवकी पटेल ने छात्रों के अधिकारों के लिए संघर्ष का दिया संदेश

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में रविवार को एनएसयूआई (राष्ट्रीय छात्र संगठन) की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें संगठन की नव नियुक्त राष्ट्रीय प्रभारी देवकी पटेल की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस बैठक की अध्यक्षता एनएसयूआई के मध्य ज़ोन अध्यक्ष अनस रहमान ने की, जबकि संचालन का जिम्मा प्रदेश महासचिव शुभम खरवार ने संभाला।

बैठक की शुरुआत पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद संगठन को जमीनी स्तर पर और मज़बूत बनाने, युवाओं को जोड़ने और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए देवकी पटेल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे छात्रों से जुड़े हर छोटे-बड़े मुद्दे को गंभीरता से लें और उनके हक के लिए मजबूती से संघर्ष करें। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य न सिर्फ संगठन को मज़बूत करना है, बल्कि छात्रों की आवाज़ बनकर उनकी हर समस्या के समाधान के लिए लड़ना भी है।”

यूपी सरकार पर साधा निशाना

बैठक के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में देवकी पटेल ने योगी सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 5000 सरकारी स्कूलों को बंद करने का फैसला गरीब और वंचित तबके के बच्चों के भविष्य पर कुठाराघात है। उन्होंने बताया कि इस निर्णय के विरोध में एनएसयूआई ने सबसे पहले आवाज़ उठाई, आंदोलन किए और न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट ने सरकार के फैसले पर अस्थायी रोक भी लगा दी है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार में बेरोजगारी चरम पर है और अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति से वंचित किया जा रहा है।

छात्रसंघ चुनाव पर भी उठाया सवाल

देवकी पटेल ने कहा कि 2018 में कोर्ट द्वारा छात्रसंघ चुनाव कराने की अनुमति मिलने के बावजूद सरकार चुनाव नहीं करा रही है, क्योंकि उसे डर है कि चुने हुए छात्र नेता सरकार की कमजोर शिक्षा व्यवस्था और बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ आवाज़ बुलंद कर सकते हैं। इस दौरान प्रेसवार्ता में कई प्रमुख नेता मौजूद रहे जिनमें एनएसयूआई यूपी सेंट्रल के अध्यक्ष अनस रहमान, कांग्रेस प्रवक्ता सचिन रावत, एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष आर्यन मिश्रा, सौरभ सिंह, आकाश अवस्थी, आफताब जाफरी, दिव्यांश शुक्ला, शिवम् मिश्रा, लखनऊ यूनिवर्सिटी इकाई अध्यक्ष राणा सुधांशु शर्मा, बीआर अंबेडकर यूनिवर्सिटी की अध्यक्ष तनु आर्या समेत कई पदाधिकारी शामिल रहे।

Also Read: Lucknow News: इंस्टाग्राम पर आपबीती सुनाकर…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.