UP News: शराब सेल्समैन की गला काटकर नृशंस हत्या, दुकान से 150 मीटर दूर झाड़ी में मिला शव

Sandesh Wahak Digital Desk: गाजीपुर शहर कोतवाली क्षेत्र के तलवल मोड़ पर स्थित देशी शराब की दुकान के 45 वर्षीय सेल्समैन राजकुमार जायसवाल की अज्ञात बदमाशों ने गला काटकर हत्या कर दी। सेल्समैन का शव दुकान से करीब 150 मीटर दूर झाड़ी में औंधे मुंह पड़ा मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

देर से खुली दुकान तो हुआ शक

चंदौली बाजार निवासी राजकुमार जायसवाल तलवल मोड़ पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत थे। वह रात 10 बजे दुकान बंद करने के बाद वहीं सो जाया करते थे। मंगलवार की रात भी वह दुकान पर थे। बुधवार सुबह जब शराब की दुकान नहीं खुली तो लोगों को संदेह हुआ। दोपहर में जब महिलाएं धान की कटाई के लिए खेत की तरफ गईं, तो उन्होंने झाड़ी में एक शव पड़ा देखा। शोर मचाने पर भीड़ जमा हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की तो घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूर एक मोबाइल फोन मिला, जिससे मृतक की पहचान राजकुमार जायसवाल के रूप में हुई। सूचना मिलते ही एसपी सिटी ज्ञानेंद्र प्रसाद और सीओ शेखर सेंगर फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और गहन जांच शुरू की।

राजकुमार जायसवाल के भाई शिवकुमार ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। मृतक अपने पीछे पत्नी शशिबाला, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। पत्नी शशिबाला का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस जांच और सुराग

पुलिस ने हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं किया है। पुलिस ने शराब की दुकान और अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि रात में दुकान पर कौन-कौन आया था और राजकुमार किसके साथ गए थे। पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, हालांकि वे अभी कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं। जांच के क्रम में, पुलिस ने शराब की दुकान के बगल में सोने वाले चीखना बेचने वाले एक युवक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

अधिकारी का बयान

सीओ नगर शेखर सेंगर ने बताया कि, “सेल्समैन की हत्या के मामले में तहरीर मिल गई है और मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही घटना की तह तक पहुंच जाएगी।”

Also Read: Chitrakoot News: चित्रकूट में ट्रक निकलवाने के नाम पर वसूली, एसआई समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.