UP News: पान मसाला कंपनियों पर बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की टैक्स चोरी का भंडाफोड़, 4 ट्रक सीज
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में पान मसाला उद्योगों में बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी का मामला सामने आया है। शासन के सीधे निर्देश पर नोएडा, कानपुर और बाराबंकी में एक साथ की गई छापेमारी में करोड़ों रुपये के कर चोरी और बिना ई-वे बिल के माल परिवहन का खुलासा हुआ।
नोएडा में बिमल पान मसाला फैक्ट्री पर छापा
नोएडा स्थित बिमल पान मसाला फैक्ट्री की जांच में स्टॉक और बिक्री के आंकड़ों में भारी अंतर पाया गया। जांच टीम ने इस पर कार्रवाई करते हुए कंपनी से ₹2.5 करोड़ रुपये की वसूली की। प्रमुख सचिव, राज्य कर एम. देवराज के अनुसार, यह कार्रवाई गोपनीय सूचना के आधार पर की गई थी।
कानपुर और बाराबंकी में शिखर पान मसाला के चार ट्रक जब्त
कानपुर में खुफिया सूचना के आधार पर शिखर पान मसाला के तीन ट्रक बिना ई-वे बिल के पकड़े गए। वहीं, बाराबंकी में एक और ट्रक सीज किया गया। इन ट्रकों में बिना आवश्यक दस्तावेजों के माल का परिवहन किया जा रहा था। फिलहाल पूरे प्रकरण की गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं।
आईएएस अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई
विशेष बात यह रही कि यह पूरी कार्रवाई विभागीय अधिकारियों को अलग रखकर सीधे शासन के अधीन आईएएस अधिकारियों की निगरानी में की गई। शासन ने यह भी साफ किया कि अगर जांच में विभागीय संलिप्तता सामने आती है, तो उस पर कड़ी कार्रवाई होगी।
Also Read: UP News: हजारों स्कूलों का विलय होगा निरस्त, मनमानी करने वाले अधिकारियों पर होगी…

