UP News: स्टेशन पर ‘रील्स’ बनाना पड़ा भारी, पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर वीडियो वायरल करने वाले 5 गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: सोशल मीडिया पर मशहूर होने की चाहत में रेलवे नियमों की अनदेखी करना पांच युवकों को महंगा पड़ गया। पीलीभीत के पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में जीआरपी (रेलवे पुलिस) ने कड़ा कदम उठाते हुए मुख्य आरोपी समेत 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पिछले दिनों पूरनपुर रेलवे स्टेशन का एक वीडियो सोशल मीडिया (X/ट्विटर) पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में कुछ युवक रेलवे परिसर में आपत्तिजनक तरीके से वीडियो शूट करते नजर आ रहे थे। जब जीआरपी अनुभाग लखनऊ ने इस वीडियो का संज्ञान लिया, तो जांच में पता चला कि यह वीडियो ‘अरुण कोली’ नाम की ट्विटर आईडी से पोस्ट किया गया था।
पुलिस ने कैसे दबोचा?
जीआरपी पीलीभीत के थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार पांडेय के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस ने स्टेशन के आसपास के लोगों को वह वीडियो दिखाया और युवकों की पहचान करवाई। पहचान पुख्ता होते ही पुलिस ने छापेमारी कर वीडियो में दिख रहे सभी पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील स्थानों पर बिना अनुमति वीडियो बनाना और नियमों का उल्लंघन करना कानूनी अपराध है।
गिरफ्तार किए गए युवकों का विवरण
पकड़े गए युवक पीलीभीत और उत्तराखंड के रहने वाले हैं
- अरुण कुमार (21 वर्ष) – निवासी पूरनपुर, पीलीभीत (मुख्य आरोपी)
- राजा सिंह (28 वर्ष) – निवासी सितारगंज, उधमसिंहनगर (उत्तराखंड)
- उपेन्द्र कुमार (21 वर्ष) – निवासी पूरनपुर, पीलीभीत
- अमन कुमार (20 वर्ष) – निवासी पूरनपुर, पीलीभीत
- अजय पाल (19 वर्ष) – निवासी पूरनपुर, पीलीभीत
कार्रवाई करने वाली टीम
इस सफल कार्रवाई में जीआरपी पीलीभीत के थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार पांडेय, पूरनपुर चौकी प्रभारी विपिन कुमार, और रेलवे सुरक्षा पोस्ट के जितेन्द्र कुमार समेत कई कांस्टेबलों की अहम भूमिका रही।
Also Read: नेपाल से यूपी तक फैला था नशे का जाल, ANTF ने पकड़े बिहार के दो तस्कर, 15 लाख की चरस बरामद

