UP News: महंगी हुई मेडिकल पढ़ाई, MBBS की फीस 5 लाख तक बढ़ी, PG कोर्स 10 लाख तक महंगे
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के निजी मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई अब और महंगी हो गई है। शैक्षिक सत्र 2025-26 से एमबीबीएस (MBBS) और पीजी यानी एमडी-एमएस (MD-MS) कोर्स की फीस में भारी इजाफा हुआ है। MBBS कोर्स की फीस जहां 1.55 लाख से लेकर 5.71 लाख रुपये तक बढ़ा दी गई है, वहीं एमडी और एमएस कोर्स की फीस में भी 10 लाख रुपये तक की बढ़ोतरी देखी गई है।
इस बढ़ी हुई फीस को लेकर छात्रों और अभिभावकों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ नजर आ रही हैं।
फीस बढ़ोतरी को मिली मंजूरी ![]()
मेडिकल शिक्षा विभाग ने फीस नियमन समिति की रिपोर्ट सरकार को भेजी थी, जिसे मंजूरी मिल गई है। रिपोर्ट के अनुसार, करीब 90% निजी मेडिकल कॉलेजों ने इस साल फीस बढ़ाने का प्रस्ताव दिया था, जिसे मान लिया गया है। बताया जा रहा है कि फीस निर्धारण को लेकर इस साल 7 फरवरी से 23 जून के बीच कुल 7 बैठकें हुईं, जिनमें कॉलेजों से दस्तावेज लेकर उनके दावों की जांच की गई और उसी आधार पर फीस तय की गई।
31 में से 17 निजी मेडिकल कॉलेजों की बढ़ी फीस
राज्य में MBBS करवाने वाले 31 निजी मेडिकल कॉलेजों में से 17 कॉलेजों की फीस बढ़ा दी गई है। वहीं, एमडी और एमएस जैसे पीजी कोर्स संचालित करने वाले 23 कॉलेजों में से 9 की फीस बढ़ाई गई है। नवीनतम अनुमोदन के बाद कुछ कॉलेजों की वार्षिक फीस में 5 लाख रुपये तक का इजाफा देखा गया है। एमडी और एमएस की पढ़ाई अब और ज्यादा महंगी हो गई है, जिससे मेडिकल स्नातकोत्तर शिक्षा का खर्च आम परिवारों के बजट से बाहर होता जा रहा है। पढ़ाई की फीस के साथ-साथ हॉस्टल फीस में भी इजाफा हुआ है। पहले जहां हॉस्टल फीस 1.92 लाख से 3.30 लाख रुपये के बीच थी, अब वह बढ़कर 2.02 लाख से 3.46 लाख रुपये हो गई है।
छात्रों और अभिभावकों में चिंता
फीस बढ़ोतरी के इस फैसले से मेडिकल की पढ़ाई का सपना देख रहे हजारों छात्रों और उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ना तय है। सरकारी मदद के अभाव और सीमित सीटों की वजह से अब निजी कॉलेज ही विकल्प बनते हैं, लेकिन इतनी ज्यादा फीस मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए चिंता का कारण बन गई है। सरकार के इस निर्णय पर जहां कॉलेज प्रशासन राहत की सांस ले रहा है, वहीं छात्र वर्ग में नाराजगी है। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या मेडिकल शिक्षा अब सिर्फ अमीरों की पहुंच तक सीमित रह जाएगी?
Also Read: Shahjahanpur news: युवा कांग्रेस की नई कार्यकारिणी में महिलाओं और…


