UP News: फरवरी में बना नया नेशनल रिकॉर्ड, एक दिन में लगे सबसे ज्यादा सोलर प्लांट
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश अब देश का ‘सोलर हब’ बनने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत यूपी ने फरवरी 2026 के महीने में रिकॉर्ड तोड़ सफलता हासिल की है। राज्य में अब तक लगभग 4 लाख परिवारों की छतों पर सोलर पैनल लग चुके हैं, जिससे न केवल बिजली के बिल जीरो हो रहे हैं, बल्कि हजारों लोगों को रोजगार भी मिल रहा है।
फरवरी में बना ऐतिहासिक रिकॉर्ड
यूपीनेडा के निदेशक इंद्रजीत सिंह के अनुसार, फरवरी माह उत्तर प्रदेश के लिए ऐतिहासिक रहा।
केवल फरवरी 2026 में प्रदेश में 35,804 रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किए गए।
28 फरवरी को यूपी ने एक ही दिन में 2,211 इंस्टॉलेशन कर पूरे भारत में किसी भी राज्य द्वारा एक दिन में सर्वाधिक प्लांट लगाने का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बना दिया।
जुलाई 2025 से उत्तर प्रदेश लगातार देश के टॉप-2 राज्यों में अपनी जगह बनाए हुए है।
सीधे खाते में आई ₹3,500 करोड़ की सब्सिडी
योजना को पारदर्शी बनाने के लिए सरकार डीबीटी (DBT) का सहारा ले रही है। अब तक लाभार्थियों के खातों में ₹3,500 करोड़ से अधिक की सब्सिडी भेजी जा चुकी है। इसमें केंद्र सरकार की ओर से ₹2,663.57 करोड़ और राज्य सरकार की ओर से लगभग ₹920 करोड़ का योगदान शामिल है।
60,000 युवाओं को मिला काम, रोजाना ₹25 करोड़ का कारोबार
सोलर ऊर्जा का यह विस्तार केवल बिजली तक सीमित नहीं है, इसने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी नई रफ्तार दी है।
4,500 से अधिक सक्रिय वेंडर्स के जरिए 60,000 से ज्यादा लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है।
प्रदेश में हर दिन लगभग ₹20 से ₹25 करोड़ का सौर कारोबार हो रहा है।
रूफटॉप पैनलों से प्रतिदिन 60 लाख यूनिट मुफ्त बिजली बन रही है, जिसका आर्थिक मूल्य करीब ₹4 करोड़ प्रतिदिन है।
खेती की जमीन और पर्यावरण की सुरक्षा
इस योजना का एक बड़ा फायदा ‘भूमि संरक्षण’ के रूप में हुआ है। छतों पर सोलर पैनल लगने की वजह से लगभग 5,000 एकड़ जमीन की बचत हुई है, जिसका उपयोग अब खेती या उद्योगों के लिए किया जा सकता है। साथ ही, इससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आई है, जो प्रदूषण कम करने में मददगार साबित हो रही है।
Also Read: सफलता की ‘श्वेत क्रांति’: अलीगढ़ की बहू ने डेयरी बिजनेस से खड़ा किया 80 लाख का टर्नओवर

