UP News: राहुल, प्रियंका, सोनिया और खरगे सहित कई नेताओं को नोटिस जारी, जानिए क्या है पूरा मामला
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित एमपी-एमएलए कोर्ट (MP-MLA Court) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ दायर एक परिवाद पर संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया है। यह मामला राहुल गांधी द्वारा कथित तौर पर ‘भारत के खिलाफ लड़ने’ वाले बयान से जुड़ा है, जिसे परिवादी ने राष्ट्रद्रोह और राजद्रोह की श्रेणी में बताया है।
मामला क्या है?
विशेष एसीजेएम (ACJM) आलोक वर्मा की अदालत में नृपेंद्र पांडे द्वारा दाखिल परिवाद के अनुसार, 15 जनवरी को नई दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के लोकार्पण के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि वे “आरएसएस, बीजेपी और भारत के खिलाफ लड़ रहे हैं।” परिवादी का तर्क है कि भारत देश के विरुद्ध लड़ने की बात कहना देश की संप्रभुता पर हमला और आपराधिक षड्यंत्र है।
इन नेताओं को जारी हुआ नोटिस
अदालत ने इस मामले में राहुल गांधी के साथ-साथ उन नेताओं को भी नोटिस जारी किया है जो उस समय मंच पर मौजूद थे या जिन्होंने इस बयान का खंडन नहीं किया। इनमें शामिल हैं:
मल्लिकार्जुन खरगे (कांग्रेस अध्यक्ष)
सोनिया गांधी (वरिष्ठ नेत्री)
प्रियंका गांधी वाड्रा (राष्ट्रीय महासचिव)
के.सी. वेणुगोपाल (संगठन महासचिव)
परिवादी के गंभीर आरोप
अदालत में दाखिल प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के नेता संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ जहर भरकर देश को गृहयुद्ध की स्थिति में धकेलने का प्रयास कर रहे हैं। परिवादी ने यह भी उल्लेख किया कि राहुल गांधी पूर्व में भी कई बार अपने बयानों के लिए माफी मांग चुके हैं और वर्तमान में कई मामलों में जमानत पर हैं।
अदालत ने इस मामले में अगली सुनवाई और आपत्ति दाखिल करने के लिए 5 जनवरी 2026 की तारीख तय की है।
Also Read: लखनऊ में ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का भव्य लोकार्पण, पीएम मोदी करेंगे 65 फीट ऊंची प्रतिमाओं का अनावरण

