UP News: छात्रवृत्ति में देरी पर सियासत गर्म, मायावती बोलीं- हजारों दलित छात्रों का भविष्य अधर में
Sandesh Wahak Digital Desk: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने अलीगढ़ के राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय से जुड़े कॉलेजों में पढ़ने वाले एससी/एसटी वर्ग के हजारों छात्रों की लंबित छात्रवृत्ति को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने इस मसले पर सरकार की लापरवाही और असंवेदनशीलता को आड़े हाथों लेते हुए छात्रों के भविष्य को संकट में बताया है।
राजा महेन्द्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, अलीगढ़ से सम्बद्ध कई जिलों के दर्जनों कालेजों के हजारों एससी/एसटी वर्ग के छात्र व छात्राओं की छात्रवृत्ति का सरकारी स्तर पर अब तक सही से समय पर निपटारा नहीं होने के कारण उनके भविष्य के अधर में लटकने के खतरे से लोगों में भारी बेचैनी व…
— Mayawati (@Mayawati) June 29, 2025
मायावती ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, अलीगढ़ से जुड़े दर्जनों कॉलेजों में पढ़ रहे हजारों एससी/एसटी छात्रों की छात्रवृत्ति अब तक जारी नहीं की गई है। सरकार की इस लापरवाही से छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है, जिससे उनमें भारी बेचैनी और आक्रोश है।”
समाज कल्याण विभाग पर गंभीर आरोप
मायावती ने लिखा कि इस पूरे मामले में समाज कल्याण विभाग, खासकर लखनऊ स्थित कार्यालय की असंवेदनशीलता और प्रशासनिक उदासीनता जिम्मेदार है। उन्होंने दावा किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन और जिलों के अधिकारियों ने बार-बार इस समस्या को उठाया, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसका नतीजा यह है कि करीब 3,500 दलित छात्र-छात्राओं की शिक्षा पर संकट मंडरा रहा है।
मुख्यमंत्री से तत्काल हस्तक्षेप की अपील
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि चूंकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से ही अलीगढ़ में इस विश्वविद्यालय की स्थापना हुई थी, इसलिए अब छात्रों के हित में उन्हें ही हस्तक्षेप करना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री इस गंभीर मसले को संज्ञान में लेकर छात्रवृत्ति जल्द जारी करवाने का रास्ता निकालेंगे, जिससे छात्रों की पढ़ाई बिना किसी रुकावट के जारी रह सके।
राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय अलीगढ़ से जुड़े कॉलेजों में एससी/एसटी छात्रों की छात्रवृत्तियां लंबे समय से रुकी पड़ी हैं। छात्र और संस्थान लगातार पत्राचार कर रहे हैं, लेकिन समाज कल्याण विभाग की सुस्ती छात्रों के भविष्य पर भारी पड़ रही है।
Also Read: पुरी: भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में मची भगदड़, 3 श्रद्धालुओं की मौत, 50 से ज्यादा…

