UP News: तकनीक और बाजार की बारीकियां सीख बिजनेस वूमन बनेंगी यूपी की ग्रामीण महिलाएं
Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘मिशन शक्ति’ और महिला स्वावलंबन के विजन को नई गति देते हुए इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में एक भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यमों को आधुनिक तकनीक और बाजार की बारीकियों से जोड़कर उन्हें सशक्त बनाना है।

तकनीक से उद्यमिता तक का सफर
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (भारत सरकार) के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में सरकारी संस्थाओं, वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने शिरकत की। यहाँ महिलाओं को यह सिखाया गया कि कैसे डिजिटल तकनीक और नवाचारी समाधानों के जरिए वे अपने छोटे व्यवसायों को बड़े मुनाफे वाले स्टार्टअप में बदल सकती हैं।
प्रदर्शनी में दिखी भविष्य की खेती और व्यापार की झलक
कार्यक्रम में अत्याधुनिक ग्रामीण तकनीकों का प्रदर्शन किया गया, जिससे महिलाएं अपनी आय बढ़ा सकें।
बायोमास कुकस्टोव और सोलर फ्रिज: सरदार पटेल संस्थान द्वारा ऊर्जा बचत के समाधान।
सब्जी कूलर: RuKart द्वारा बिना बिजली के सब्जियों को ताजा रखने की तकनीक।
मल्टी-पर्पज फूड प्रोसेसर: किसान धरमबीर द्वारा खाद्य प्रसंस्करण (Food Processing) की मशीनें।
सोलर हाइड्रो डिस्टिलर: आईआईटी बॉम्बे की मदद से तैयार उन्नत उपकरण।

“लखपति से करोड़पति बनाना है लक्ष्य” – दीपा रंजन
आजीविका मिशन की मिशन निदेशक दीपा रंजन ने महिला उद्यमियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा, “प्रदेश की 1 करोड़ से अधिक महिलाएं मिशन से जुड़ चुकी हैं। हमारा अगला लक्ष्य लखपति दीदियों को ‘करोड़पति दीदियां’ बनाना है।” संयुक्त मिशन निदेशक जनमेजय शुक्ला ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं की सफलता अब राष्ट्रीय स्तर पर TAP-RISE जैसे प्लेटफॉर्म्स के जरिए पहचानी जा रही है। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और सामाजिक उद्यमिता (Social Entrepreneurship) के गुर भी सिखाए।
Also Read: दिल्ली-काशी और लखनऊ-अयोध्या का सफर होगा मिनटों में, योगी सरकार का ‘विजन-2047’ तैयार

