UP News: सानिया की हत्या में दरिंदगी की हदें पार, रिश्तों ने ही छीनी सांसें, मां-बाप की मिन्नतें भी बेअसर
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां परिवार की “इज्जत” बचाने के नाम पर एक मासूम बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पलड़ा गांव की 19 वर्षीय सानिया को उसके ही ताऊ मतलूब, चचेरे भाई सादिक और एक नाबालिग ने मिलकर मौत के घाट उतार दिया। सानिया के माता-पिता उसके लिए गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन हत्यारों का दिल नहीं पसीजा।
सानिया का कसूर बस इतना था कि वह अपने प्रेमी सागर के साथ शादी करना चाहती थी। वो 15 जुलाई को सागर के साथ हिमाचल प्रदेश चली गई थी, लेकिन दोनों को ऊना जिले से पकड़कर गांव लाया गया। गांव लाकर सानिया को बंधक बनाकर पीटा गया और 23 जुलाई को उसकी हत्या कर दी गई। शव को चुपचाप कब्रिस्तान में दबा दिया गया और ग्रामीणों को टीबी से मौत की झूठी कहानी सुनाई गई।
कैसे हुई सानिया की हत्या?

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि हत्या के समय नाबालिग ने सानिया के पैर पकड़े, ताऊ मतलूब और भाई सादिक ने मुंह और गला दबाकर उसकी जान ले ली। उसकी मां और पिता वलीस ने जान बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं था। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि साजिश में शामिल पांच अन्य आरोपी फरार हैं।
कब्रिस्तान में खुदाई, शव निकाला गया

डीएम से अनुमति मिलने के बाद शनिवार को कब्रिस्तान में खुदाई कर सानिया का शव निकाला गया। मतलूब की निशानदेही पर कब्र की पहचान हुई। शव का पोस्टमार्टम दो डॉक्टरों के पैनल से कराया गया, जिसकी वीडियोग्राफी भी की गई।
आरोपियों को कोई पछतावा नहीं

पुलिस पूछताछ में मतलूब और सादिक ने बताया कि उन्हें सानिया की हत्या का कोई अफसोस नहीं है। उन्होंने कहा कि सानिया शादी नहीं करना चाहती थी और जिद पर अड़ी थी, इसलिए उसे मार दिया। यहां तक कि उन्होंने यह भी कहा, “गलती से सागर को छोड़ दिया, अगर उसे भी मार देते तो अच्छा होता।”
प्रेम-प्रसंग में पहले भी हो चुकी हैं हत्याएं
बागपत जिले में यह कोई पहला मामला नहीं है। प्रेम संबंधों को लेकर यहां पहले भी कई दर्दनाक घटनाएं सामने आ चुकी हैं:
-
निवाड़ा गांव में दिसंबर 2024 में एक किशोरी की उसके भाई ने चुनरी से गला घोंटकर हत्या कर दी।
-
बिनौली गांव में सुमन की दरांती से गला रेतकर हत्या की गई और शव खेत में दबा दिया गया।
-
जोनमाना गांव में मार्च 2025 में प्रेमी युगल बलराम और दृष्टि की फांसी लगाकर हत्या कर दी गई।
-
लुहारी गांव में जून 2025 में शिवानी की उसके ही घरवालों ने गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को जला डाला।
एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि सानिया हत्याकांड में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पांच अन्य की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है। मामला संवेदनशील है, इसलिए पलड़ा गांव में भारी पुलिस बल तैनात है।
Also Read: आगरा धर्मांतरण मामला: पाकिस्तान से जुड़े तार, ‘हानिया’ नाम…

