UP News: मानदेय वृद्धि की मांग पर अड़े शिक्षामित्र, CM योगी से मुलाकात का समय मांगा

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत करीब 1.43 लाख शिक्षामित्रों ने एक बार फिर मानदेय वृद्धि की मांग तेज कर दी है। शिक्षामित्रों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से उनका मानदेय नहीं बढ़ाया गया है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि वर्तमान में शिक्षामित्रों को मात्र 10 हजार रुपये प्रतिमाह मिलते हैं, जिससे परिवार का खर्च चलाना बेहद मुश्किल हो रहा है। इस मुद्दे को लेकर संघ ने कई बार सरकार, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के सामने अपनी बात रखी, लेकिन अब तक उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला है।

उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के प्रदेश मंत्री कौशल कुमार सिंह ने कहा कि पिछले छह महीनों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन समय नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि अधिकांश शिक्षामित्र आर्थिक संकट और स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं।

सरकार की ओर से पूर्व में शिक्षामित्रों को आयुष्मान कार्ड का लाभ देने की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक विभागीय स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसके अलावा, कई शिक्षामित्रों की मूल विद्यालय में वापसी की प्रक्रिया भी शुरू नहीं हुई है।

संघ ने मांग की है कि मुख्यमंत्री जल्द से जल्द संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात करें और मानदेय वृद्धि तथा आयुष्मान कार्ड जैसी महत्वपूर्ण मांगों पर सकारात्मक निर्णय लें। शिक्षामित्रों का कहना है कि सरकार अगर समय रहते कदम नहीं उठाती तो उनकी आर्थिक स्थिति और भी खराब हो सकती है।

 

Also Read: अयोध्या में ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध, अनुमति के बिना होगी सख्त कार्रवाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.