UP News: असीम अरुण के विभाग में महिला से छेड़छाड़, मंत्री ने निजी सचिव को किया पुलिस के हवाले

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाज कल्याण विभाग मुख्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला कर्मचारी ने विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण के निजी सचिव जय किशन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। महिला ने उन पर अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाते हुए मंत्री से लिखित शिकायत की।

शिकायत मिलते ही मंत्री असीम अरुण ने बिना देर किए तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने गोमतीनगर थाना प्रभारी को अपने दफ्तर बुलाया और आरोपी निजी सचिव को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस जय किशन सिंह को हिरासत में लेकर थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। सोशल मीडिया पर निजी सचिव को पुलिस द्वारा ले जाने का वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है।

अश्लील हरकतें करने का लगा आरोप

यह घटना भागीदारी भवन स्थित समाज कल्याण विभाग के मुख्यालय की है, जहां पीड़ित महिला और आरोपी दोनों कार्यरत हैं। पीड़िता ने अपनी शिकायत में निजी सचिव पर शील भंग करने की कोशिश और अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया था।

इस मामले पर मंत्री असीम अरुण ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस तरह का कोई भी कृत्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे कोई भी इसमें शामिल हो।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है। अगर आरोप सही पाए जाते हैं, तो उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पीड़ित महिला का बयान दर्ज किया जा रहा है। मंत्री के इस त्वरित और सख्त एक्शन की सोशल मीडिया पर लगातार सराहना हो रही है।

 

Also Read: यूपी में स्टार्टअप क्रांति: इंटीग्रल यूनिवर्सिटी और सरकार ने मिलाया हाथ, युवाओं को मिलेगा बड़ा मौका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.