UP News: योगी सरकार ने बाढ़ से राहत के लिए बनाई ‘टीम-11’, 12 जिलों में 11 मंत्री को किया तैनात
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में बाढ़ से प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों को तेजी से चलाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज एक विशेष ‘टीम-11’ का गठन किया है। इस टीम में 11 कैबिनेट मंत्रियों को 12 बाढ़ग्रस्त जिलों का प्रभार दिया गया है, जो वहां राहत कार्यों की निगरानी करेंगे। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को 24 घंटे फील्ड में रहकर काम करने के निर्देश दिए हैं।
क्या हैं मुख्य निर्देश?
- तटबंधों की लगातार निगरानी और जलभराव वाले इलाकों से पानी की तुरंत निकासी सुनिश्चित करना।
- राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, दवाइयों और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था करना।
- महिलाओं और बच्चों के लिए अलग से सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराना।
- फसल क्षति, भूमि कटाव और घरेलू नुकसान की रिपोर्टिंग के 24 घंटे के भीतर मुआवजा वितरण।
- पशुओं की सुरक्षा के लिए चारा और पशु चिकित्सा की व्यवस्था करना।
- अफवाहों पर सख्त कार्रवाई और अर्ली वार्निंग सिस्टम को सक्रिय रखना।
किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा – योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समय संवेदनशीलता और तत्परता दिखाने का है। प्रशासन को हर पीड़ित तक राहत पहुंचानी होगी। उन्होंने साफ किया कि राहत कार्यों में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
क्या करेंगे प्रभारी मंत्री?
- प्रभावित जिलों का तुरंत दौरा करना।
- राहत शिविरों का निरीक्षण और पीड़ितों से सीधा संवाद।
- अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें करके कार्ययोजना बनाना।
- किसानों की फसल क्षति का आकलन 24 घंटे में पूरा करके मुआवजा देना।
- सर्पदंश और अन्य आपात स्थितियों के लिए अस्पतालों में एंटी-वेनम और रेबीज वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रामक खबरें फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अर्ली वार्निंग सिस्टम को और मजबूत बनाया जाएगा ताकि लोगों तक सही जानकारी पहुंचे।
बाढ़ प्रभावित जिले और प्रभारी मंत्री
जिला प्रभारी मंत्री
- प्रयागराज नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’
- जालौन स्वतंत्र देव सिंह, संजय गंगवार
- औरैया स्वतंत्र देव सिंह, प्रतिभा शुक्ला
- हमीरपुर रामकेश निषाद
- आगरा जयवीर सिंह
- मीरजापुर नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’
- वाराणसी सुरेश खन्ना
- कानपुर देहात संजय निषाद
- बलिया दया शंकर मिश्रा ‘दयालु’
- बांदा नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’
- इटावा धर्मवीर प्रजापति
- फतेहपुर अजीत पाल
Also Read: Lucknow News: हाईकोर्ट ने LDA पर ठोका 50 हजार का जुर्माना, बिना नोटिस दुकान सील करने…

