UP News: दिवाली से पहले योगी सरकार का तोहफा, UP के 4 लाख छात्रों को मिली छात्रवृत्ति

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के 4 लाख छात्र-छात्राओं को दिवाली से पहले बड़ा तोहफा दिया है। लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति वितरित की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब छात्रों को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति सितंबर के महीने में मिल रही है, जो सभी विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी राहत है। उन्होंने घोषणा की कि जो छात्रवृत्ति पहले फरवरी-मार्च में मिला करती थी, वह अब हर साल सितंबर में ही मिला करेगी। उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से कई विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के चेक प्रदान किए।

‘पहले होता था भेदभाव’

मुख्यमंत्री योगी ने पिछली सरकारों पर हमला करते हुए कहा कि 2017 से पहले छात्रों को छात्रवृत्ति देने में भेदभाव किया जाता था। उन्होंने कहा, “2017 में जब हमारी सरकार आई, तो हमने 2016-17 और 2017-18 की छात्रवृत्ति एक साथ दी।” उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर छात्र को सहायता मिले, ताकि वे अपनी शिक्षा से समाज के विकास में योगदान दे सकें, जैसा कि बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर और सरदार वल्लभभाई पटेल ने किया था।

AI से सरल होगी छात्रवृत्ति प्रक्रिया

वितरण प्रक्रिया को और बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि कई बार विद्यालयों द्वारा डेटा फीड करने में त्रुटि होने के कारण छात्र अपने अधिकार से वंचित रह जाते हैं। इस मानवीय हस्तक्षेप को कम करने के लिए सरकार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के माध्यम से प्रक्रिया को सरल बना रही है। जल्द ही ऐसी व्यवस्था होगी कि छात्र के पंजीकरण होते ही उसके फोन पर पूरी डिटेल उपलब्ध हो जाए और छात्रवृत्ति समय पर उसके खाते में पहुंच जाए।

वंचित छात्रों को भी मिलेगा लाभ

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने बताया कि योगी सरकार ने पिछले वर्ष 60 लाख बच्चों को छात्रवृत्ति दी थी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष एक नई पहल के तहत, जो बच्चे पिछले वर्ष तकनीकी कारणों से छात्रवृत्ति लेने से वंचित रह गए थे, उन्हें भी इस वर्ष छात्रवृत्ति मिलेगी। साथ ही, बच्चों को मिलने वाली छात्रवृत्ति की पूरी जानकारी के लिए एक ऐप का विकास भी किया जाएगा। योगी सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी पात्र बच्चा छात्रवृत्ति से वंचित न रहे।

Also Read: तेज प्रताप यादव ने बनाई नई पार्टी जनशक्ति जनता दल, महुआ सीट से लड़ेंगे चुनाव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.