दिल्ली ब्लास्ट के बाद यूपी में हाई अलर्ट: ATS की छापेमारी, सहारनपुर से 5 संदिग्ध हिरासत में

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली में सोमवार शाम हुए कार विस्फोट के बाद उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। घटना की जांच कर रही पुलिस और एटीएस (एंटी टेररिज्म स्क्वॉड) की संयुक्त टीमों ने राज्य के कई जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी की है, जिसके दौरान पाँच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।

संदिग्धों की हिरासत और जांच

सहारनपुर में एटीएस ने डॉक्टर अदील अहमद के करीबी बताए जा रहे तीन लोगों को हिरासत में लिया है। इन तीनों से एक गोपनीय स्थान पर गहन पूछताछ की जा रही है। दो अन्य संदिग्धों को भी अन्य स्थानों से हिरासत में लिया गया है।

जम्मू-कश्मीर पुलिस, एटीएस और लखनऊ पुलिस की संयुक्त टीम ने राजधानी लखनऊ के मड़ियांव क्षेत्र में डॉ. परवेज अहमद अंसारी के आवास पर दबिश दी। हालांकि, डॉक्टर मौके पर नहीं मिला। एसीपी अलीगंज सैयद अरीब अहमद ने पुष्टि की कि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया है, लेकिन किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता

डीजीपी (पुलिस महानिदेशक) ने उच्च अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए राज्य की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के आदेश दिए गए हैं।

राम मंदिर, संवेदनशील धार्मिक स्थलों, जिलों और सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। लखनऊ समेत प्रमुख शहरों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और बाज़ारों में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है। अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।

Also Read: दिल्ली ब्लास्ट पर अखिलेश यादव का बयान, बोले- ‘एजेंसियों की नाकामी’ की जांच हो

Get real time updates directly on you device, subscribe now.