UP: रक्षाबंधन की रात चचेरे भाई ने की नाबालिग बहन से दरिंदगी, फिर गला घोंटकर मार डाला
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में रक्षाबंधन की रात एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बिधूना के एक गांव में एक चचेरे भाई ने अपनी 14 वर्षीय बहन के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
दरिंदगी के बाद खून बहता देख घबराया
पुलिस के अनुसार, यह घटना रक्षाबंधन की रात शनिवार को हुई। आरोपी, जो शराब के नशे में धुत था, अपने चाचा के घर गया जहां उसकी 14 वर्षीय चचेरी बहन अकेली सो रही थी। उसने दरिंदगी की हदें पार करते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान नाबालिग को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा, जिससे आरोपी घबरा गया। पकड़े जाने के डर से और ताकि वह किसी को कुछ बता न सके, उसने अपनी ही बहन का गला दबाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।
अंतिम संस्कार में शामिल रहा आरोपी, पुलिस को हुआ शक
शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी ने शातिर चाल चली। जब अगले दिन शव मिला तो वह ग्रामीणों के साथ रहा और ग्रामीणों को पुलिस के खिलाफ भड़का रहा था। वह पुलिस की हर गतिविधि पर नजर रखे था और पोस्टमार्टम के बाद खुद शव को उठाकर अंतिम संस्कार के लिए ले जाने लगा। उसके इस व्यवहार और पिता द्वारा जताए गए शक के बाद पुलिस को उस पर गहरा संदेह हुआ। पुलिस की हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने यह भी खुलासा किया कि वह अक्सर टीवी पर ‘क्राइम पेट्रोल’ जैसे सीरियल देखता था और उसी से साक्ष्य मिटाने के तरीके सीखे थे।
आरोपी गिरफ्तार, गांव में पुलिस बल तैनात
कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि शुरुआती जांच में किशोरी के पिता की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ पॉक्सो और हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी चचेरे भाई ने बताया कि वारदात को उसने अकेले ही अंजाम दिया। अन्य चारों को परिवार के सुपुर्द कर दिया गया है, हालांकि उन पर पुलिस की नजर है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर इटावा जेल भेज दिया है। एहतियातन गांव में सुरक्षा के लिए पीएसी और पुलिस बल तैनात किया गया है।
Also Read: Lucknow News: मूसलाधार बारिश से जलमग्न हुई राजधानी, विधानसभा में भी घुसा पानी, स्कूल बंद

