यूपी में समय पर होगा पंचायत चुनाव, मंत्री ओम प्रकाश राजभर बोले- 15 अप्रैल को आएगी अंतिम मतदाता सूची

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में लंबित पंचायत चुनाव को लेकर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में पंचायत चुनाव तय समय पर कराए जाएंगे और इसके लिए सारी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।

राजभर ने बताया कि पंचायत चुनाव के लिए 15 अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से अधिसूचना जारी होते ही चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

पंचायत चुनाव में हो रही देरी पर राजभर ने सफाई देते हुए कहा कि इसकी मुख्य वजह बोर्ड परीक्षाएं, जनगणना और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया रही है। इन कारणों की वजह से चुनाव कार्यक्रम को थोड़ा समय देना पड़ा। उन्होंने बताया कि मतपत्र भी छपकर सभी जिलों के मुख्यालयों तक पहुंचा दिए गए हैं।

एसआईआर पर विपक्ष पर निशाना

मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर राजभर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रहा है। इस प्रक्रिया में केवल मृत मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं और जो मतदाता एक स्थान से दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो गए हैं, उनके रिकॉर्ड को व्यवस्थित किया जा रहा है।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ विपक्ष के नेता बूथों पर अपने कार्यकर्ताओं के जरिए वोट बढ़ाने और घटाने की कोशिश करते हैं और दूसरी ओर सदन में इस मुद्दे पर हंगामा करते हैं।

भाजपा से गठबंधन रहेगा जारी

राजभर ने यह भी साफ कर दिया कि आगामी चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के साथ उनका गठबंधन जारी रहेगा। फिलहाल किसी अन्य दल के साथ गठबंधन करने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने आजमगढ़ में आयोजित हालिया कार्यक्रम में बड़ी भीड़ जुटने का जिक्र करते हुए संकेत दिया कि आगामी चुनावों में उनकी पार्टी विपक्ष के लिए कड़ी चुनौती पेश करेगी।

Also Read: यूपी बना विश्वास का प्रतीक, यही हमारी सबसे बड़ी पूंजी: CM योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.